TCS Q2 Results: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस ने सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। इस दौरान कंपनी का प्रॉफिट तिमाही दर तिमाही आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयर पर नतीजों का असर 9 अक्तूबर यानी बुधवार को दिखेगा।
सितंबर तिमाही में कॉन्स्टैंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ 0.5 फीसदी
टीसीएस के सितंबर तिमाही के नतीजे एनालिस्ट्स के अनुमान से थोड़े कमजोर रहे। कंपनी की कॉन्स्टैंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ 0.5 फीसदी रही। सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में एनालिस्ट्स ने इसके 0.6 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। सितंबर तिमाही में 13,884 करोड़ का प्रॉफिट जून तिमाही के 13,349 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
दूसरी तिमाही में रेवेन्यू एनालिस्ट्स के अनुमान से थोड़ा कम
लेकिन तुलना के लिए बेस तिमाही का प्रॉफिट 13,849 करोड़ रुपये है, क्योंकि इसमें वन-टाइम का 668 करोड़ रुपये का एक्सेप्शनल आइटम शामिल है, जिसकी वजह एक लीगल क्लेम का सेटलमेंट है। सितंबर तिमाही में टीसीएस का रेवेन्यू 73,188 करोड़ रुपये रहा। सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में एनालिस्ट्स ने इसके 73,225 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था।
टैक्स से पहले अर्निंग्स (EBIT) 17,553 करोड़ रुपये
तिमाही दर तिमाही आधार पर सितंबर तिमाही में कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ 1.3 फीसदी ज्यादा रही। डॉलर में कंपनी का रेवेन्यू 764.2 करोड़ डॉलर रहा। यह सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में 765.7 करोड़ डॉलर के अनुमान के करीब है। सितंबर तिमाही में कंपनी की इंटरेस्ट और टैक्स से पहले अर्निंग्स (EBIT) 17,553 करोड़ रुपये रही। यह सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में 17,738 करोड़ के अनुमान से थोड़ा ज्यादा है।
EBIT मार्जिन 24 फीसदी पर स्थिर रहा
सितंबर तिमाही में कंपनी का EBIT मार्जिन 24 फीसदी पर स्थिर रहा। जून तिमाही में भी यह इतना ही था। सितंबर तिमाही में कंपनी को 9.6 अरब डॉलर की डील मिली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से कंपनी का रेवेन्यू 3 अरब डॉलर से ज्यादा रहा। अब कंपनी के कुल रेवेन्य में इसकी हिस्सेदारी 10 फीसदी से ज्यादा हो गई है।
पोर्शे से डील से एआई वर्टिकल को मजबूती मिलेगी
टीसीएस ने पोर्शे के साथ एक बड़ी डील की है। इसके तहत वह पोर्शे की मैनेजमेंट एंड आईटी कंसल्टिंग सब्सिडियरी MHP का 100 फीसदी अधिग्रहण करेगी। इस डील की वैल्यू 32 करोड़ यूरो होगी। पोर्शे और टीसीएस ने 1.5 अरब यूरो की एक पांच साल की स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप की है। इससे टीसीएस को अपने एआई वर्टिकल के विस्तार में मदद मिलेगी।
प्रति शेयर 12 रुपये डिविडेंड का ऐलान
टीसीएस ने प्रति शेयर 12 रुपये डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके लिए कंपनी ने रिकॉर्ड डेट 14 अक्तूबर, 2026 तय की है। कंपनी शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड का पेमेंट 30 अक्तूबर, 2026 को करेगी। 8 अक्तूबर को टीसीएस के शेयर 0.16 फीसदी गिरकर 2,077 रुपये पर बंद हुए। इस साल कंपनी का शेयर 35 फीसदी से ज्यादा गिरा है।