TCS Share Price: टाटा की कंपनी के शेयर 6% उछले, ABB के साथ हुई बड़ी AI डील
TCS Share Price: स्विट्जरलैंड की ABB के साथ करोड़ों डॉलर की डील और AI पर बड़े दांव ने TCS के शेयरों में जोरदार तेजी ला दी। कंपनी ने सिर्फ नई डील ही नहीं की, बल्कि संगठन में बड़े बदलाव भी किए हैं। जानिए निवेशकों के लिए यह खबर क्यों अहम है।
TCS ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस डील के तहत वह ABB के पूरे ग्लोबल नेटवर्क ऑपरेशंस को संभालेगी।
TCS Share Price: टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) के शेयर सोमवार को करीब 6% तक चढ़ गए। इसकी वजह स्विट्जरलैंड की इंजीनियरिंग कंपनी ABB के साथ हुई करोड़ों डॉलर की बहु-वर्षीय (Multi-year) डील रही। इस खबर के बाद Nifty IT Index भी करीब 4% की तेजी के साथ कारोबार करता दिखा। टीसीएस का शेयर 5.51% की बढ़त के साथ 2,182.90 रुपये पर बंद हुआ।
ABB के लिए क्या करेगी TCS?
TCS ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस डील के तहत वह ABB के पूरे ग्लोबल नेटवर्क ऑपरेशंस को संभालेगी। कंपनी सिर्फ आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और एप्लिकेशन मैनेजमेंट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि Network-as-a-Service मॉडल के जरिए एंड-टू-एंड नेटवर्क ऑपरेशंस की जिम्मेदारी निभाएगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत TCS, ABB के नेटवर्क को AI बेस्ड, सुरक्षित और आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलेगी। इससे यूजर एक्सपीरियंस बेहतर होगा, ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ेगी और साइबर सिक्योरिटी भी मजबूत होगी।
TCS का AI पर बड़ा दांव
TCS के मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस के प्रेसिडेंट अनुपम सिंघल ने कहा कि कंपनी AI की मदद से ऐसा नेटवर्क तैयार करेगी, जो खुद बदलाव को समझ सके, जरूरत के हिसाब से खुद को ढाल सके और लगातार बेहतर होता रहे। इससे ABB को भविष्य के लिए तैयार डिजिटल नेटवर्क मिलेगा।
TCS में बड़ा नेतृत्व बदलाव
डील के साथ ही TCS ने संगठन में बड़ा फेरबदल भी किया है। कंपनी ने 5 नए बिजनेस ग्रुप बनाए हैं। इनमें ServiceNow, Travel & Transport, Energy & Utilities, US West Coast और Global Autonomous Business शामिल हैं।
इसके अलावा बैंकिंग, साइबर सिक्योरिटी, लाइफ साइंसेज, कम्युनिकेशन और मीडिया जैसे कारोबार के लिए भी नए लीडर्स की नियुक्ति की गई है।
बैंकिंग कारोबार पर रहेगा फोकस
TCS के कुल रेवेन्यू का करीब एक-तिहाई हिस्सा बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज से आता है। वहीं, उत्तर अमेरिका कंपनी का सबसे बड़ा बाजार है, जहां से लगभग आधा रेवेन्यू मिलता है। इसी को देखते हुए कंपनी ने अमेरिकी बैंकिंग कारोबार को US East और US West दो हिस्सों में बांट दिया है।
पहली तिमाही के नतीजे मजबूत रहे
पिछले हफ्ते TCS ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए थे। बैंकिंग सेक्टर से मजबूत मांग और रुपये में कमजोरी की वजह से कंपनी का रेवेन्यू बाजार के अनुमान से बेहतर रहा। अब ABB के साथ नई डील और संगठनात्मक बदलाव को कंपनी की AI रणनीति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
TCS पर ब्रोकरेज की राय क्या है
Motilal Oswal ने TCS पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹2,350 का टारगेट दिया है। मौजूदा भाव ₹2,182.90 के मुकाबले इसमें करीब 8% की तेजी की संभावना है। ब्रोकरेज का मानना है कि दूसरी तिमाही में मांग में सुधार दिख सकता है। हालांकि, AI की वजह से प्राइसिंग पर दबाव और वैश्विक अनिश्चितता जैसी चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं।
वहीं Choice Broking ने TCS पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹2,320 का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि बैंकिंग कारोबार की वजह से प्रदर्शन मजबूत रहा, लेकिन डिमांड रिकवरी अभी भी असमान है। AI में बढ़ता निवेश और बेहतर मार्जिन आगे ग्रोथ को सहारा दे सकते हैं।
ICICI Securities ने TCS पर 'Reduce' रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,860 का टारगेट दिया है। यह मौजूदा भाव ₹2,182.90 से करीब 15% नीचे है। ब्रोकरेज का मानना है कि AI की वजह से पारंपरिक आईटी सर्विसेज पर दबाव बढ़ सकता है। साथ ही, डील जीतने की रफ्तार और रेवेन्यू ग्रोथ भी फिलहाल कमजोर बनी हुई है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।