TCS stock outlook: Q4 नतीजों के बाद स्टॉक पर ब्रोकरेज का बुलिश नजरिया, चेक करें टारगेट प्राइस

TCS stock outlook: Q4 FY26 के नतीजों के बाद ज़्यादातर ब्रोकरेज TCS को लेकर पॉज़िटिव हैं। AI से होने वाली कमाई अब कंपनी की कुल कमाई का 7.5 प्रतिशत हो गया है,जिसे ग्रोथ का मुख्य ज़रिया माना जा रहा है। हालांकि,ग्रोथ की संभावना और मार्जिन को लेकर कुछ चिंताएं अब भी बनी हुई हैं

अपडेटेड Apr 10, 2026 पर 9:56 AM
Story continues below Advertisement
TCS stock outlook : जेफरीज का इस स्टॉक पर सतर्क नजरिया है। उसने 2,275 के टारगेट प्राइस के साथ 'अंडरपरफॉर्म' रेटिंग बनाए रखी है

TCS Q4 Results Review : ब्रोकरेज फर्मों ने TCS (Tata Consultancy Services) के Q4 FY26 के नतीजों के बाद,इसके स्टॉक पर ज़्यादातर पॉजिटिव नजरिया बनाए रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी को स्थिर मार्जिन,मज़बूत डील विन और कमाई में AI के बढ़ते योगदान का फायदा मिलेगा। हालांकि,ग्रोथ की संभावना और मार्जिन को लेकर कुछ चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं।

TCS के वित्त वर्ष 2026 के चौथी तिमाही के नतीजे काफी हद तक उम्मीदों के मुताबिक ही रहे हैं। कंपनी का रेवेन्यू अनुमान से ज़्यादा रहा है। मार्जिन स्थिर रहे और डील्स हासिल करने का सिलसिला मज़बूत बना रहा है। जिससे मध्यम-अवधि की ग्रोथ को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो गई है।

TCS पर CLSA की राय


CLSA ने इस TCS पर 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 2,985 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि इस तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू और EBIT मार्जिन काफी हद तक उम्मीदों के मुताबिक ही रहा। ऑर्डर बुकिंग में पिछली तिमाही के मुकाबले सुधार हुआ है,लेकिन रिन्यूअल के मौसमी असर के कारण सालाना आधार पर इसमें गिरावट आई है। ब्रोकरेज ने GenAI (जेनरेटिव एआई) से होने वाले रेवेन्यू को मध्यम से लंबी अवधि के लिए एक अहम ग्रोथ फैक्टर बताया है। यह रेवेन्यू अब सालाना आधार पर 2.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया है और कंपनी के कुल रेवेन्यू में इसकी हिस्सेदारी 7.5 प्रतिशत है। इसके अलावा, CLSA ने TCS के लगभग 6 प्रतिशत के आकर्षक फ्री कैश फ्लो यील्ड और अपने समकक्षों की तुलना में इसके वैल्यूएशन डिस्काउंट को भी अपने पॉजिटिव रुख के लिए अहम फैक्टर बताया है।

गोल्डमैन सैक्स ने भी बनाए रखी Buy रेटिंग

गोल्डमैन सैक्स ने भी इस स्टॉक पर 2,710 रुपए के टारगेट प्राइस के साथ Buy रेटिंग बनाए रखी। उसका कहना है कि Q4 नतीजों में कोई बड़ा सरप्राइज़ नहीं देखने को मिला है। ब्रोकरेज ने तीमाही आधार पर आई बड़े पैमाने की ग्रोथ और मज़बूत डील विन पर ज़ोर दिया। इस अवधि में कंपनी को तीन मेगा डील हासिल करने में कामयाबी मिली है। साथ ही मिड और लार्ज साइज़ अकाउंट्स में स्टेबिलिटी के शुरुआती संकेत भी मिले हैं।

हालांकि गोल्डमैन सैक्स ने लगातार तीसरी तिमाही में लगभग 0.8 प्रतिशत (QoQ) की मामूली ग्रोथ रेट और रुपए की कमजोरी से मिली मदद के बावजूद मार्जिन में सीमित विस्तार को लेकर चिंता भी जताई है। इसके अलावा, ब्रोकरेज ने यह भी कहा है कि AI में दोबारा निवेश करने से मार्जिन पर दबाव बना रह सकता है।

जेपी मॉर्गन ने भी 'ओवरवेट' रेटिंग बनाए रखी

जेपी मॉर्गन (JPMorgan) ने 3,150 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'ओवरवेट' रेटिंग बनाए रखी है। उसने इस तिमाही को मज़बूत बताया है,जिसमें रेवेन्यू उम्मीद से ज़्यादा रहा है, मार्जिन स्थिर रहे और कई बड़ी डील्स मिलीं हैं। ब्रोकरेज ने कहा कि मैनेजमेंट की कमेंट्री से संकेत मिलता है कि FY27 तक धीरे-धीरे सुधार होगा। कंपनी को कोर सेक्टरों में स्थिर होती मांग का भी सपोर्ट मिलेगा। ब्रोकरेज ने 12 अरब डॉलर की बड़ी डील्स मिलने और इंटरनेशनल कारोबार की ग्रोथ में सुधार को हाईलाइट किया है। साथ ही यह भी बताया कि AI से होने वाली कमाई पिछली तिमाही के मुकाबले 28 प्रतिशत बढ़कर कुल रेवेन्यू का 7.5 प्रतिशत हो गई है।

नोमुरा ने भी बनाए रखी बाय रेटिंग

नोमुरा ने 2,930 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ स्टॉक की बाय रेटिंग बनाए रखी है। उसका कहना है कि कंपनी का चौथी तिमाही का प्रदर्शन मोटे तौर पर उम्मीदों के मुताबिक ही रहा है। मेगा डील के कारण मजबूत सौदे हुए हैं। ब्रोकरेज फर्म को उम्मीद है कि विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजारों के नजरिए से वित्त वर्ष 2027, वित्त वर्ष 2026 से बेहतर होगा और कंपनी की तरफ से लगातार हो रहे निवेश के बावजूद मार्जिन में स्थिरता बनी रहेगी। इसने वित्त वर्ष 2027-28 के ईपीएस अनुमान को 2-3 प्रतिशत तक बढ़ाया है और वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में मजबूत ग्रोथ की उम्मीद जताई है। नोमुरा ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने डॉलर रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान को भी बढ़ाकर 3.8 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2027 के लिए 4.5 प्रतिशत कर दिया है।

HSBC ने दी 'होल्ड' रेटिंग

HSBC ने स्टॉक पर 'होल्ड' रेटिंग और 2,755 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ ज़्यादा न्यूट्रल रुख अपनाया है। उसने IT सेक्टर में कमज़ोर सेंटिमेंट के बावजूद इस तिमाही को ठीक-ठाक बताया है। लेकिन यह भी कहा है कि डिमांड का बेहतर आउटलुक और एग्जिट रेट FY27 में बेहतर परफॉर्मेंस में मदद कर सकते हैं। ब्रोकरेज को कंपनी में लॉन्ग टर्म में मिड से लो सिंगल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद है।

TCS Q4 Results: टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी का मुनाफा 29% बढ़ा, 31 रुपये का देगी डिविडेंड

जेफरीज का सतर्क नजरिया

जेफरीज (Jefferies) का इस स्टॉक पर सतर्क नजरिया है। उसने 2,275 के टारगेट प्राइस के साथ 'अंडरपरफॉर्म' रेटिंग बनाए रखी है। ब्रोकरेज का कहना है कि चौथी तिमाही में कंपनी की रेवेन्यू उम्मीद के मुताबिक रही है। वहीं, मार्जिन अनुमान से कम रहा है। BFSI में कम ग्रोथ तथा डील बुकिंग में कोई बढ़त न होना स्टॉक के लिए निगेटिव हैं। ब्रोकरेज ने AI की वजह से रेवेन्यू में कमी को लेकर भी चिंता जताई है। उसका यह भी मानना है कि मार्जिन एक सीमित दायरे में ही रहेंगे।

TCS ने नतीजों के बाद आज IT शेयरों का जोश ठंडा

TCS ने नतीजों के बाद आज IT शेयरों का जोश ठंडा नजर आ रहा है। निफ्टी IT इंडेक्स करीब 3 फीसदी फिसला,इंफोसिस,TCS,टेक महिंद्रा और HCL टेक निफ्टी के टॉप लूजर्स में शामिल हैं। उधर मिडकैप IT एम्फैसिस,LTIMINDTREE और कोफोर्ज भी करीब 3-4 फीसदी कमजोर दिख रहे है। फिलहाल 10 बजे के आसपास टीसीएस का शेयर 74.20 रुपए यानी 2.87 फीसदी की कमजोरी के साथ 2515 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है।

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।