TCS Dividend: देश में आईटी सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी अपने शेयरधारकों को मार्च 2025 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए 10 रुपये का तीसरा अंतरिम डिविडेंड जारी करेगी। इसके साथ ही कंपनी 1 रुपये प्रति इक्विटी शेयर पर 66 रुपये का स्पेशल डिविडेंड भी घोषित किया गया है। कंपनी ने FY25 की दिसंबर तिमाही के नतीजों के साथ यह घोषणा की है। कंपनी के शेयरों में आज 1.72 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 4036.65 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
TCS Dividend के लिए कब है रिकॉर्ड डेट?
TCS के शेयरधारकों को तीसरा अंतरिम डिविडेंड और स्पेशल डिविडेंड 3 फरवरी को दिया जाएगा और इसके लिए रिकॉर्ड डेट 17 जनवरी तय की गई है। टीसीएस के शेयर रिकॉर्ड डेट के दिन या उससे एक दिन पहले एक्स-डिविडेंड पर ट्रेड करेंगे। डिविडेंड वह राशि होती है जो एक कंपनी अपने लाभ (profit) का हिस्सा अपने शेयरधारकों को वितरित करती है। यह एक तरीका है कंपनी के मुनाफे को शेयरधारकों के बीच बांटने का।
आईटी कंपनी ने इस वित्त वर्ष की शुरुआत में जून और सितंबर दोनों तिमाहियों में 10 रुपये का दो डिविडेंड घोषित किया है। पिछले 12 महीनों में टीसीएस का डिविडेंड 75 रुपये प्रति शेयर रहा है और मौजूदा प्राइस लेवल पर यह लगभग 1.86% है।
कैसे रहे TCS के तिमाही नतीजे?
दिसंबर तिमाही के नतीजों की बात करें तो टीसीएस ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान आईटी कंपनी का नेट प्रॉफिट 12% बढ़कर 12,380 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, कंपनी के रेवेन्यू में 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह 63,973 करोड़ रुपये हो गया। मनीकंट्रोल के पोल में टीसीएस को 12308 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे और 64218 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का अनुमान लगाया गया था।