Teamtech IPO Listing: कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से फॉर्मवर्क बनाने वाली टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस के शेयरों की आज NSE SME पर शानदार एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 7 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹63 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹75 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 19.05% का लिस्टिंग गेन (Teamtech Listing Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में फीकी हो गई जब शेयर टूट गए।
उठा-पटक के बाद यह ₹76.80 के हाई तक पहुंचा लेकिन फिर फिसल गया और ₹71.25 के लोअर सर्किट तक आ गया। निचले स्तर पर रिकवरी के साथ यह ₹73.00 (Teamtech Share Price) पर बंद हुआ है यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 15.87% मुनाफे में हैं।
Teamtech IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस का ₹50 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 19-21 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 7.01 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 4.28 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 12.79 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 6.10 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹5 की फेस वैल्यू वाले 79.60 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹11.92 करोड़ नए मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए प्लांट और मशीनरी की खरीदारी, ₹15.50 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹13.77 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Teamtech Formwork Solutions के बारे में
नवंबर 2018 में बनी टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री के लिए मॉड्यूलर टी-फॉर्मवर्क और कस्टमाइज्ड फॉर्मवर्क सिस्टम्स बनाती है, रिफर्बिश करती है और किराए पर देती है। यह बी2बी मॉडल पर काम करती है। इसके पोर्टफोलियो में स्टैंडर्ड पैनल्स, कस्टमाइज्ड पैनल्स और एक्सेसरीज और सपोर्टिंग कंपोनेंट्स हैं। इसका कारोबार देश के बाहर भी फैला हुआ है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2025 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1.95% उछलकर ₹79.72 करोड़ और टोटल इनकम 8.81% बढ़कर ₹32.98 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2026 में इसकी सेहत तेज रफ्तार से मजबूत हुई और शुद्ध मुनाफा 47.83% बढ़कर ₹11.59 करोड़ और टोटल इनकम 64.43% उछलकर ₹54.23 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹16.68 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹22.21 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।