Tech Mahindra Share Price : आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) में आज 17 अप्रैल को 7 फीसदी तक की बड़ी गिरावट देखी गई। हालांकि, इस समय यह शेयर NSE पर 5.30 फीसदी गिरकर 1,029.30 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म सिटी (Citi) ने इस स्टॉक की रेटिंग को डाउनग्रेड कर दिया है। इसके साथ ही टारगेट प्राइस को भी पहले से घटाकर कम कर दिया गया है। यही वजह है कि आज टेक महिंद्रा के शेयरों में बड़ी गिरावट हुई है।
ब्रोकरेज फर्म Citi ने इस स्टॉक को "Sell" रेटिंग दी है जबकि पहले "Neutral" रेटिंग दी गई थी। इसके अलावा, टारगेट प्राइस को भी 1,100 रुपये से घटाकर 955 रुपये किया गया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि टेक महिंद्रा को डाउनग्रेड करने की एक बड़ी वजह इसके कम्युनिकेशन वर्टिकल में ग्रोथ में कमी की आशंका है। यह कंपनी के राजस्व का लगभग 40 प्रतिशत है। इसके साथ ही हाल के डेटा प्वाइंट्स और टिप्पणियों ने भी चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिससे Citi को सावधानी बरतनी पड़ रही है।
ब्रोकरेज ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में कहा कि निकट अवधि में कुछ चुनौतियां हैं। ऑपरेटिंग डिलीवरेज से आम सहमति की उम्मीदों की तुलना में कम मार्जिन हो सकता है। लीडरशिप में बदलाव से जुड़े कुछ पॉजिटिव पहलू हैं, लेकिन इसमें कुछ समय लग सकता है।
27 अप्रैल को आएंगे तिमाही नतीजे
टेक महिंद्रा के चौथी तिमाही के नतीजे 27 अप्रैल को जारी किए जा सकते हैं। आईटी कंपनियों के लिए मार्च तिमाही अब तक निराशाजनक रही है। Infosys और TCS दोनों के चौथी तिमाही के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे हैं। जिसका असर आज बिकवाली के तौर पर देखने को मिल रहा है।
टेक महिंद्रा ने अपनी तीसरी तिमाही के दौरान कहा था कि टॉप 5 क्लाइंट्स के राजस्व में कुछ क्लाइंट्स के रीस्ट्रक्चरिंग के कारण गिरावट आई है। हालांकि मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि यह चौथी तिमाही तक स्थिर हो जाएगा, लेकिन मैक्रोइकॉनॉमिक अनिश्चितता को देखते हुए चुनौतियां बनी रह सकती हैं।