Telecom Stocks: टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों में आज 21 अगस्त को कारोबार के दौरान तेजी रही। वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) और रिलायंस जियो (Reliance Jio) की पैरेंट कंपनी रिलायसं इंडस्ट्रीज के शेयर शुरुआती कारोबार के दौरान 0.7% तक चढ़ गए। यह तेजी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की ओर से जून महीने के सब्सक्राइबर डेटा जारी करने के एक दिन बाद आई है। ट्राई ने बताया कि रिलायंस जियो ने जून महीने के दौरान 19.1 लाख सब्सक्राइबर्स जोड़े। वहीं सुनील मित्तल की अगुआई वाली भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के सब्सक्राइबर्स की संख्या में इस दौरान 12.5 लाख का इजाफा हुआ। वहीं दूसरी ओर वोडाफोन आइडिया के यूजर्स की संख्या में जून महीने के दौरान भी गिरावट जारी रही। TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया ने जून महीने के दौरान 8.61 लाख यूजर्स खोए हैं।
नए सब्सक्राइबर्स के आने के साथ ही जियो के कुल मोबाइल यूजर्स की संख्या अब बढ़कर 47.6 करोड़ पर पहुंच गई है। वहीं एयरटेल के कुल यूजर्स की संक्या अब 38.9 करोड़ हो गई। ये दोनों देश की 2 सबसे बड़ी प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां हैं। वहीं दूसरी ओर वोडाफोन आइडिया के कुल यूजर्स की संख्या जून महीने में घटकर 21.7 करोड़ पर आ गई।
वहीं वायरलाइन सेगमेंट में रिलायंस जियो ने जून महीने के दौरान 4.34 लाख नए ग्राहक जोड़कर फिर से बढ़त हासिल की। दूसरी ओर एयरटेल ने 44,611 नए ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया ने 21,042 नए ग्राहक जोड़े।
भारती एयरटेल कुल 2.82 करोड़ कनेक्शन के साथ मशीन-टू-मशीन सेगमेंट में सबसे आगे हैं। इसके बाद वोडाफोन आइडिया 1.45 करोड़ कनेक्शन और जियो 67.2 लाख ग्राहकों के साथ तीसरे स्थान पर। भारत में कुल ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या जून में बढ़कर 94 करोड़ हो गई, जो इससे पहले मई में 93.51 करोड़ थी। इसमें से रिलायंस जियो के पास 48.89 करोड़ ग्राहक, भारती एयरटेल के पास 28.13 करोड़ ग्राहक और वोडाफोन आइडिया के पास 12.78 करोड़ ग्राहक हैं।
NSE पर सुबह 11 बजे के करीब, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.57 फीसदी की तेजी के साथ 3,009 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। वहीं भारती एयटेल के शेयर 0.13 फीसदी की बढ़त के साथ 1,451.10 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे। जबकि वोडाफोन आइडिया के शेयर 0.69 फीसदी की तेजी के साथ 16.05 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 समूह का एक हिस्सा है। नेटवर्क18 को इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट द्वारा नियंत्रित किया जाता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।