Thailand Earthquake: भूकंप के बाद थाईलैंड का शेयर बाजार बंद, रोकी गई ट्रेडिंग, इमरजेंसी का ऐलान

थाईलैंड के शेयर बाजार में शुक्रवार को दोपहर बाद के सभी कारोबार को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। यह कदम पड़ोसी देश म्यांमार में आए 2 शक्तिशाली भूकंप के बाद उठाया गया, जिसके झटके थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक तक महसूस किए गए। 7.7 रिएक्टर स्केल की तीव्रता वाले इस भूकंप से दोनों देशों में कई इमारतें जमींदोज हो गईं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया

अपडेटेड Mar 28, 2025 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
थाईलैंड के प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा ने बैंकॉक में इमरजेंसी का ऐलान किया है

थाईलैंड के शेयर बाजार में शुक्रवार को दोपहर बाद के सभी कारोबार को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। यह कदम पड़ोसी देश म्यांमार में आए 2 शक्तिशाली भूकंप के बाद उठाया गया, जिसके झटके थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक तक महसूस किए गए। 7.7 रिएक्टर स्केल की तीव्रता वाले इस भूकंप से दोनों देशों में कई इमारतें जमींदोज हो गईं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।

थाईलैंड स्टॉक एक्सचेंज (SET) ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान जारी कर कहा, "भूकंप की घटना को देखते हुए, थाईलैंड स्टॉक एक्सचेंज में तत्काल प्रभाव से सभी ट्रेडिंग गतिविधियों को रोका जा रहा है। यह रोक थाईलैंड स्टॉक एक्सचेंज, मार्केट फॉर अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट (MAI), और थाईलैंड फ्यूचर्स एक्सचेंज (TFEX) सहित सभी बाजारों पर लागू होगी।"

कारोबार रोके जाने से पहले, थाईलैंड स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्च इंडेक्स 1.05% गिरकर 1,175.45 अंक पर कारोबार कर रहा था, जो इसका पिछले एक सप्ताह से अधिक का निचला स्तर है। अमेरिकी ऑटो टैरिफ के दबाव के कारण कारोबार के दौरान बाजार पर बिकवाली हावी रही।


म्यांमार में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप

शुक्रवार को म्यांमार के मंडाले के पास 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक समेत कई इलाकों में इमारतें हिलने लगीं। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में लोग ऊंची इमारतों से भागते, सड़क पर ट्रैफिक रुकता और धूल का गुबार उठता देखा गया। इसके 12 मिनट बाद 6.4 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया।

भूकंप का केंद्र म्यांमार के सगाइंग इलाके में था, जो पहले से ही गृहयुद्ध से प्रभावित है। यहां सैन्य सरकार, विद्रोही गुट और समर्थकों के बीच संघर्ष जारी है, जिसके चलते सड़क और जल मार्गों से यात्रा करना बेहद कठिन हो गया है।

बैंकॉक में इमरजेंसी का ऐलान

थाईलैंड के डिजास्टर प्रिवेंशन विभाग ने बताया कि पूरे देश में भूकंप के झटके महसूस किए गए। थाईलैंड के प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा ने बैंकॉक में इमरजेंसी का ऐलान किया है और स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपात बैठक बुलाई।

बैंकॉक में 30 मंजिला इमारत गिरी, 43 मजदूर फंसे

भूकंप के दौरान थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक निर्माणाधीन 30 मंजिला गगनचुंबी इमारत गिर गई, जिसमें 43 मजदूर फंस गए। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हादसा उत्तर बैंकॉक में एक सरकारी कार्यालय भवन के निर्माण स्थल पर हुआ, जहां कुछ ही सेकंड में पूरी इमारत मलबे और लोहे के टुकड़ों के ढेर में तब्दील हो गई। अब तक किसी हताहत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।

यह भी पढ़ें-  LIVE: 7.7 के भूकंप से दहल गए तीन देश! म्यांमार ने मांगी दूसरे देशों से मदद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।