आखिरकार 19500 के ऊपर बंद होने के बाद अब अगर ऑप्शन डेटा का विश्लेषण करें तो संकेत मिलता है कि निफ्टी जल्द ही 19800-19900 के स्तर को छूता नजर आ सकता है। ये बातें मनीकंट्रोल को दिए गए एक इंटरव्यू में जेमस्टोन इक्विटी रिसर्च के संस्थापक और तकनीकी विश्लेषक मिलन वैष्णव ने कही हैं। इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि निफ्टी आईटी इंडेक्स में पिछले शुक्रवार को भारी खरीदारी देखने को मिली थी। अब यह निश्चित रूप से आईटी स्टॉक में किस्तों में खरीद शुरू करने का एक अच्छा समय है। आईटी सेक्टर में मिलन को TCS, Tech Mahindra, Infosys, LTIMindtree और Tata Elxsi पसंद हैं।
इन दो शेयरों में देखने को मिल सकती है जोरदार तेजी
इक्विटी मार्केट का करीब 20 सालों का अनुभव रखने वाले मिलन का मानना है कि बैंकिंग शेयर जल्द ही तेजी पकड़ते दिखेंगे। आईसीआईसीआई बैंक में जल्द ही भारी ब्रेकआउट देखने को मिल सकता है। अगर आईसीआईसीआई बैंक 960-970 रुपये के स्तर से ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है तो फिर इसमें जल्द ही जोरदार रैली देखने को मिलेगी।
आईसीआईसीआई बैंक के अलावा मिलन को लार्जकैप आईटी सेक्टर में LTIMindtree भी पसंद है। उनका मानना है कि ये स्टॉक एक ब्रेकआउट के लिए तैयार है। अगर ये स्टॉक 5100 रुपये के ऊपर निकलने में कामयाब रहता है तो स्टॉक में मौजूदा स्तरों से काफी अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।
198-210 रुपये के रेंज में मिलने पर आरबीएल बैंक में करें खरीदारी
क्या आरबीएल बैंक को खरीदने का यह सही समय है? इस पर मिलन ने कहा कि हालांकि आरबीएल बैंक अप्रैल से खरीदारों के रडार पर है। लेकिन उसके बाद इसमें पहला एंट्री प्वाइंट 30 जून को आया था जब स्टॉक ने 180-182 रुपये के स्तर को पार करते हुए ब्रेकआउट दिया था। फिलहाल शेयर में जोरदार तेजी बनी हुई है। इसमें अभी और तेजी आने की गुंजाइश है। आने वाले महीनों में इस स्टॉक में 265-270 रुपये के स्तर को छूने की क्षमता है। हालांकि बीच में कुछ कंसोलीडेशन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि स्टॉक में कोई कंसोलीडेशन दिखता है तो इसमें 198-210 रुपये के स्तर के बीच खीरदारी की जा सकती है।
निफ्टी में जल्द ही 19800-19900 का स्तर मुमकिन
क्या मौजूदा तिमाही में निफ्टी 50 इंडेक्स के लिए 20000 अंक से ऊपर जाना आसान होगा? इस सवाल का जवाब देते हुए मिलन ने कहा कि पिछले कारोबारी सत्र में जिस तरह के रुझान देखने को मिले, उससे निफ्टी और तेजी आने की पूरी संभावना दिख रही है। 20000 का स्तर एक अहम मनोवैज्ञानिक लेवल। अगर हम ऑप्शन के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बात की ज्यादा संभावना है कि निफ्टी 19800-19900 के स्तर को टच कर सकता है। जहां तक इस तिमाही में 20000 के स्तर को छूने का सवाल है। बिना किसी बड़ी वजह के इस तरह कि उम्मीद लगाना जल्दबाजी होगी। हालांकि इंडेक्स 20000 के करीब जा सकता है और वहां इसको मजबूत प्रतिरोध का भी सामना करना पड़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।