Tips Music Q3 Results: म्यूजिक इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनी टिप्स म्यूजिक लिमिटेड ने सोमवार 19 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 33% बढ़कर 58.7 करोड़ रुपये हो गया है। यह मजबूत प्रदर्शन मुख्य रूप से डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बेहतर मोनेटाइजेशन और रेवेन्यू ग्रोथ के कारण हुआ है।
वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़कर 94.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। दिसंबर तिमाही में कंपनी के ऑपरेटिंग EBITDA में भी जोरदार बढ़त देखने को मिली और यह 34% की छलांग के साथ ₹74.5 करोड़ पर पहुंच गया। EBITDA मार्जिन बढ़कर 79% हो गया। ये आंकड़े टिप्स म्यूजिक के एसेट-लाइट, डिजिटल-फोकस्ड बिजनेस मॉडल को दिखाता है, जहां डिजिटल स्ट्रीमिंग, यूट्यूब, स्पॉटिफाई और अन्य प्लेटफॉर्म्स से लगातार आय बढ़ रही है।
दिसंबर तिमाही के दौरान Tips Music ने कुल 108 नए गाने रिलीज किए, जिनमें 70 फिल्मी और 38 नॉन-फिल्म ट्रैक्स शामिल रहे। इससे हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में कंपनी का कंटेंट कैटलॉग और मजबूत हुआ। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी कंपनी को लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिला और तिमाही के अंत तक उसके यूट्यूब सब्सक्राइबर्स बढ़कर 145.3 मिलियन हो गए।
मजबूत वित्तीय स्थिति के बीच कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 5 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है। इस डिविडेंड के जरिए कुल 63.91 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में कंपनी का कुल डिविडेंड भुगतान 166.18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो उसके सके कैपिटल रिटर्न पॉलिसी के मुताबिक है।
टिप्स म्यूजिक के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कुमार तौरानी ने कहा, "डिजिटल मोनेटाइजेशन में निरंतर सुधार और हमारी पुरानी तथा नई म्यूजिक लाइब्रेरी की मजबूत मांग ने इस तिमाही में शानदार नतीजे दिए हैं। हमारा फोकस शेयरधारकों को लगातार वैल्यू रिटर्न देने पर बना हुआ है।"
टिप्स म्यूजिक के तिमाही नतीजों के बाद इसके शेयरों में आज हल्का दबाव देखा गया। दोपहर 2:37 बजे के आसपास एनएसई पर कंपनी के शेयर 1.46 फीसदी गिरकर 520.30 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। इससे पहले कारोबार के दौरान शेयर ने 542.00 रुपये का इंट्राडे हाई भी छुआ था। जनवरी महीने में अब तक कंपनी के शेयरों में करीब 4.90 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसका शेयर 25.64 फीसदी टूट चुका है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।