Trading Plan : निफ्टी बैंक में आज रिकॉर्ड तोड़ तेजी आई है। यह इंडेक्स 9 महीने बाद नए शिखर पर पहुंचा है और 62300 के ऊपर निकल गया है। PSU बैंको ने इस तेजी को लीड किया है। वीकली एक्सपायरी के दिन उतार चढ़ाव के बीच निफ्टी ने भी फिर रफ्तार पकड़ी है। निफ्टी 150 प्वाइंट से ज्यादा की तेजी के साथ 25450 के पार निकल गया है। यह इंट्राडे में 25500 तक चढ़ा। मार्केट दिग्गज रिलायंस ने तेजी को लीड किया है। मिडकैप और स्मॉलकैप में भी अच्छी रौनक देखने को मिली है।
रियल्टी और ऑटो में जोरदार तेजी आई है। दोनों सेक्टर इंडेक्स एक से डेढ़ परसेंट चढ़े हैं। साथ ही लॉजिस्टिक्स, टूरिज्म और कंज्यूमर ड्यूरेबल शेयरों में भी रौनक है। लेकिन IT, FMCG में दबाव देखने को मिला है।
कच्चे तेल की गिरावट से एशियन पेंट्स और इंडिगो दो से तीन फीसदी चढ़े हैं। श्रीराम, चोला और बजाज फाइनेंस में भी एक्शन है। लेकिन कमजोर मैनेजमेंट कमेंट्री के बाद कमिंस चार परसेंट फिसला है।
लॉरस लैब में कल की गिरावट की लगभग पूरी रिकवरी है। स्टॉक करीब 5 परसेंट ऊपर दिख रहा है। मैनेजमेंट की सफाई में कहा गया है कि आगे और हिस्सेदारी बेचने का कोई प्लान नहीं है। कर्ज चुकाने और जनकल्याण के कामों के लिए हिस्सा बेचा गया है। FY28 में 3000 करोड़ के कैपेक्स का गाइडेंस दिया गया है।
टाटा संस की लिस्टिंग की उम्मीद में टाटा केमिकल और टाटा इन्वेस्टमेंट में तेजी आई है। ये दोनों करीब 3 परसेंट ऊपर दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक RBI ने Tata Sons को चिट्ठी लिखकर लिस्टिंग समेत NBFC-अपर लेयर नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है।
मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री के साथ वित्त मंत्री की प्री बजट बैठक जारी है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल, फार्मा और ऑटो सेक्टर में PLI का दायरा बढ़ाने की मांग की गई है। वर्किंग कैपिटल, क्रेडिट गारंटी और NPA नियमों में भी ढील देने की भी वकालत की गई है।
बाजार: शानदार ट्रेड वाला दिन
ऐसे में बाजार की चाल पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार ने आज आपको शानदार ट्रेड दी है। सुबह खुलते ही खरीदने और 25,500 तक के टारगेट की बात की थी। सुबह खुलने के बाद पूरी रैली स्क्रीन पर हुई और सारे टारगेट स्क्रीन पर ही हासिल हुए हैं। ठीक 25,500 पर जाकर मुनाफावसूली हुई। निफ्टी ने कल खरीदने वालों को बंपर मुनाफा दिया। आज मार्केट ब्रेड्थ भी बेहतर हुई है। बस IT शेयरों का साथ नहीं मिल रहा है। ऑटो शेयरों में एक और शानदार रैली देखने को मिली है। PSU बैंकों ने आज लीड किया।
बाजार में अब क्या हो रणनीति?
बाजार में टेक्सचर एकदम साफ है। गिरावट में खरीदारी करनी चाहिए और आज जैसा सेटअप मिले तो हथौडा मारें। आज जैसे सेटअप बहुत अनोखे होते हैं। सब कुछ ठीक, फिर भी फ्लैट या डाउन ओपनिंग हो सकती है। इंट्रा-डे में बडी रैली के बाद तेजी के पीछे ना भागें। अगर रैली पर लेंगे तो इंतजार करना पडेगा। आज के सबसे ऊंचे प्वाइंट पर लेने वाले का भी पैसा बनेगा। लेकिन आज ही बन जाएगा ये नहीं कह सकते। बैंक निफ्टी अब 63000-65,000 की तरफ जा सकता है। निफ्टी इसी साल नया HIGH लगा दे तो हैरानी नहीं होगी।
निफ्टी-बैंक निफ्टी पर रणनीति
निफ्टी के लिए 25,200-25,250 पर सपोर्ट और 25,500-25,550 पर रेजिस्टेंस है। वहीं, बैंक निफ्टी के लिए 61,500-61,800 पर सपोर्ट है। बैंक निफ्टी के लिए कोई फ्रेश टारगेट नहीं है, बस स्टॉप लॉस ट्रेल करें।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।