Trading Strategy : गैप-डाउन के बाद बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिली है। निफ्टी निचले स्तरों से 200 प्वाइंट से ज्यादा सुधरकर 23600 के करीब दिख रहा है। रिलायंस, हिंडाल्को,M&M और बजाज ऑटो ने बाजार में जोश भरा है। हालांकि बैंक निफ्टी में दबाव कायम है। वहीं मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी सुधार देखने को मिला है। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपया नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। इंट्राडे में डॉलर के मुकाबले रुपया 96.96 रुपए तक फिसला है। हालांकि उसके बाद यह निचले स्तरों से 10 पैसा रिकवर हुआ।
आज तेल-गैस और ऑटो शेयरों में सबसे अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। दोनों सेक्टर इंडेक्स करीब एक फीसदी चढ़े हैं। ऑटो में बजाज ऑटो और TVS मोटर्स 1.5 से फीसदी चढ़े हैं। तेल गैस शेयरों में OMCs में 1.5 फीसदी तक की तेजी आई है। वहीं केमिकल,कंज्यूमर ड्यूरेबल और FMCG शेयरों में आज दबाव देखने को मिल रहा है।
पावर शेयरों में आज तेजी का करंट दौड़ा है। ब्रोकरेज की बुलिश रिपोर्ट के बाद GVT&D 7% से ज्यादा दौड़ा है। पावर इंडिया भी 6% से ज्यादा उछलकर वायदा का टॉप गेनर बना है। साथ ही सीमेंस एनर्जी में भी 7% की रफ्तार देखने को मिली है।
कमजोर नतीजों से PI इंडस्ट्रीज में तगड़ी मुनाफावसूली आई है। ये शेयर करीब 7 फीसदी टूटकर वायदा का टॉप लूजर बना है। वहीं घाटे में आने बाद ZEE ENT करीब 5 फीसदी टूटा है। लेकिन नोवेलिस के नतीजों के बाद हिंडाल्को निफ्टी का टॉप गेनर बना है। साथ ही मुनाफे में आने के बाद ड्रेजिंग कॉर्प 9 फीसदी दौड़ा है।
निफ्टी की दो कंपनियां ITC और मैक्स हेल्थ कल नतीजे पेश करेंगी। ITC के सिगरेट कारोबार का वॉल्यूम तीन से चार परसेंट बढ़ सकता है। इसके FMCG कारोबार के मार्जिन में सुधार दिख सकता है। साथ ही अरबिंदो फार्मा,गेल और नाय का समेत वायदा की 6 कंपनियों के रिजल्ट्स का भी इंतजार रहेगा।
आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल
बाजार की आगे की चाल पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार में आज शानदार रिकवरी देखने को मिली है। रिलायंस के दम पर बाजार में शानदार रिकवरी आई है। निफ्टी ने ठीक 23,400 के सपोर्ट से U-Turn लिया है। सुबह 23,350 के मेक ऑर ब्रेक लेवल की चर्चा हुई थी। अब बड़ा सवाल ये है कि आखिर रिकवरी आई क्यों और इसे कैसे देखें?
डॉलर-रुपये ने आज फिर एक नया ऑल टाइम लो लगाया। ब्रेंट क्रूड अभी भी $110 पर ही है। मिडकैप और स्मॉलकैप में फिर शानदार रिकवरी आई है। पावर शेयर खासकर MNC पावर शेयरों में बड़ी रैली हुई है।
अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार कमजोर है,टूटा नहीं है। निफ्टी लगातार अपने निचले लेवल को बचा रहा है। बाजार में खतरा अभी टला नहीं है। अब 23,200-23,400 की रेंज लक्ष्मण रेखा बन चुकी है। अगर ये बार-बार टेस्ट होगा तो टूटने का रिस्क बनेगा। बाजार लो बचा रहा है मगर हाई नहीं बना पा रहा है। बाजार में लो तो बचते हैं मगर रिकवरी भी फेल होती हैं। बैंक निफ्टी अभी भी बाजार की सबसे कमजोर कड़ी है। थीम्स पर फोकस करने पर बड़ा पैसा बन रहा है। आज की थीम रही MNC पावर। Hitachi जैसे शेयर 6 महीने से हमारे फेवरेट रहे हैं।
निफ्टी-बैंक निफ्टी पर रणनीति
अनुज सिंघल ने कहा कि निफ्टी के लिए 23400-23450 पर सपोर्ट और 23650-23700 पर पहला और 23800 पर अगला रेजिस्टेंस है। वहीं, बैंक निफ्टी के लिए अब 52,700-52,800 मेक ऑर ब्रेक लेवल है। इसके लिए 53,500 पर बड़ा सपोर्ट है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।