Trading Strategy : मौसम विभाग की ओर से सामान्य से कम बारिश के अनुमान ने बाजार की फिक्र बढ़ा दी है। निफ्टी 150 प्वाइंट से ज्यादा फिसलकर 23750 के नीचे आ गया है। बैंक निफ्टी भी करीब 400 प्वाइंट नीचे आया है। मिडकैप और स्मॉलकैप में भी नरमी है। वहीं वोलैटिलिटी इंडेक्स INDIA VIX 5% से ज्यादा चढ़ा है। कमजोर मॉनूसन की आशंका से ऑटो शेयरो पर दबाव देखने को मिल रहा है। M&M,एस्कॉर्ट,आयशर और बजाज ऑटो के शेयर लुढ़के हैं। साथ FMCG और फर्टिलाइजर शेयरों में भी गिरावट देखने को मिल रही है।
ऑटो के साथ-साथ सरकारी कंपनियों,तेल-गैस,कंज्यूमर ड्यूरेबल और कैपिटल मार्केट शेयरों में भी दबाव है। चारों सेक्टर इंडेक्स एक से डेढ़ फीसदी फिसले हैं। वहीं रियल्टी और फार्मा के चुनिंदा शेयरों में खरीदारी आई है।
कमजोर बाजार में भी आज सुबह से ही IT शेयरों में जोश कायम है। निफ्टी IT इंडेक्स करीब 2 फीसदी मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है। इंफोसिस तीन फीसदी से ज्यादा तेजी के साथ निफ्टी का टॉप गेनर बना है। साथ ही टेक महिंद्रा,HCL TECH और कोफोर्ज में भी रौनक है।
बाजार की चाल पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि मॉनसून की खबर के बाद बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस बार मॉनसून सिर्फ 90% होगा। इस खबर के बाद ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। मिड और स्मॉल कैप में बड़ी गिरावट है। MSCI बिकवाली से पहले कई शेयरों में गिरावट आई है। रिलायंस ने भी काफी दबाव बनाया है। सिर्फ IT शेयरों ने आज बाजार को संभाला है। निफ्टी के टॉप गेनर्स में 4 IT शेयर शामिल हैं। बड़ा सवाल है कि क्या हम वापस एक रेंज में आ चुके हैं?
बाजार की दिक्कतें अभी खत्म नहीं हुई हैं। कच्चा तेल,FIIs की बिकवाली,युद्ध,टैरिफ के बाद अब नया डर मॉनसून ने पैदा कर दिया है। खराब मॉनसून एक बड़ा निगेटिव ट्रिगर होगा। बाजार को डर डर है कि मैक्रो काफी खराब होगा। हालांकि अभी भी बाजार में ब्रेकडाउन नहीं है। लेकिन वापस 23,300-23,900 की रेंज में फंसने का रिस्क है। आज की क्लोजिंग काफी अहम होगी। अगर निफ्टी 23,800 के नीचे बंद हुआ तो थोड़ा निगेटिव होगा। 23,950 के ऊपर बंद हुए तो बड़ा पॉजिटिव होगा। बाजार ने आज भी शानदार स्टॉक स्पेसिफिक मूव्स दिए हैं।
निफ्टी-बैंक निफ्टी पर रणनीति
निफ्टी के लिए अगला सपोर्ट 23,650-23,700 पर है। वहीं,रजिस्टेंस 23,850-23,950 पर नजर आ रहा है। बैंक निफ्टी के लिए 54,400-54,600 पर सपोर्ट और 54,900-55,100 पर रेजिस्टेंस है।
बाजार की क्लोजिंग काफी खराब होने की उम्मीद है। बाजार में अब वापस रेंज में फंसने का रिस्क है। आज मिडकैप में भी बड़ी बिकवाली हुई है। निफ्टी के लिए वापस 23,300 पर जाने का रिस्क खुला है। 24000 का बड़ा रजिस्टेंस बन चुका है। बैंक निफ्टी की क्लोजिंग खराब होने की संभावना है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।