Trent Leadership Change: टाटा समूह के प्रमुख रिटेल कारोबार 'ट्रेंट लिमिटेड' में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। कॉरपोरेट कानून और वित्तीय पुनर्गठन के दिग्गज वकील बहराम एन. वकील (Bahram N. Vakil) कंपनी के नए चेयरमैन के रूप में नोएल टाटा की जगह लेंगे।
29 अक्टूबर को हुई बोर्ड बैठक में बहराम वकील की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। यह बदलाव टाटा समूह के रिटेल विस्तार से जुड़े एक बिजनेस लीडर से हटकर वित्तीय पुनर्गठन, इंसॉल्वेंसी और प्रोजेक्ट फाइनेंस का विशाल अनुभव रखने वाले कॉरपोरेट वकील की ओर एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, बहराम वकील 12 नवंबर 2026 को ट्रेंट के चेयरमैन का पदभार संभालेंगे। आपको बता दें कि नोएल टाटा लगभग 29 वर्षों तक ट्रेंट से जुड़े रहने के बाद 11 नवंबर 2026 को कारोबारी समय की समाप्ति पर चेयरमैन और निदेशक पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। वैसे रिटायरमेंट के बाद भी नोएल टाटा कंपनी के साथ 'चेयरमैन एमेरिटस' के रूप में जुड़े रहेंगे।
बहराम वकील देश की अग्रणी लॉ फर्मों में से एक AZB & Partners के सह-संस्थापक हैं। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से LL.M की डिग्री हासिल की है और वह न्यूयॉर्क स्टेट बार के सदस्य हैं। मार्च 2025 में वकील टाटा इन्वेस्टमेन्ट कॉरपोरेशन के बोर्ड में उपाध्यक्ष और स्वतंत्र निदेशक के रूप में शामिल हुए थे।
इंसॉल्वेंसी और प्रोजेक्ट फाइनेंस के एक्सपर्ट
अपने लंबे करियर में उन्होंने डिस्ट्रेस्ड फंड्स, दिवाला पेशेवरों और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बैंकों को रीस्ट्रक्चरिंग मामलों में सलाह दी है। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा इंसॉल्वेंसी कार्यवाही के लिए भेजे गए बड़े स्ट्रेस्ड अकाउंट्स पर भी काम किया है।
2023 में उन्होंने एसोचैम की 'इंसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड एंड वैल्यूएशन' की राष्ट्रीय परिषद की अध्यक्षता की। इसके अलावा वे इंसॉल्वेंसी लॉ एकेडमी की थिंक कमेटी और मध्यस्थता कानून में बदलाव के लिए गठित विशेषज्ञ समिति का भी हिस्सा रहे हैं।
अपने नेतृत्व में ट्रेंट को शिखर पर ले गए नोएल टाटा
नोएल टाटा 1997 से ट्रेंट लिमिटेड के साथ जुड़े रहे और उन्होंने भारत के रिटेल सेक्टर में कंपनी को वेस्टसाइड और ज़ुडियो जैसे ब्रांड्स के जरिए एक नए मुकाम पर पहुंचाया। बोर्ड ने 29 अक्टूबर की बैठक में टाटा समूह के बोर्ड कंपोजिशन और डायरेक्टर रिटायरमेंट गाइडलाइंस के तहत इस ट्रांजिशन को मंजूरी दी है।