Stock Market: शेयर बाजार में कोहराम जारी, निवेशकों के 8 दिन में 11 लाख करोड़ रुपये डूबे

शेयर बाजार पिछले सप्ताह के अंत में आई तेजी को बरकरार रखने में फेल रहा और सोमवार 20 मार्च को शुरुआती कारोबार से ही बिकवाली के दबाव में रहा। बेंचमार्क इंडेक्स करीब 0.6% टूट गया, जिसके चलते निवेशकों की संपत्ति में आज 2 करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। पिछले 7 कारोबारी दिनों में तो निवेशकों के अब तक करीब 10.77 लाख करोड़ रुपये डूब चुके हैं

अपडेटेड Mar 20, 2023 पर 9:25 PM
8 मार्च को बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 266.24 लाख करोड़ रुपये था

शेयर बाजार पिछले सप्ताह के अंत में आई तेजी को बरकरार रखने में फेल रहा और सोमवार 20 मार्च को शुरुआती कारोबार से ही बिकवाली के दबाव में रहा। बेंचमार्क इंडेक्स करीब 0.6% टूट गया, जिसके चलते निवेशकों की संपत्ति में आज 2 करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 361 अंक गिरकर 57,629 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी-50 (Nifty50) 112 अंक टूटकर 16,988 के स्तर पर बंद हुआ। इसके साथ ही इसने डेली चार्ट पर एक बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया, जिसने पिछले दिन के लाभ को मिटा दिया।

अमेरिका-यूरोप में जारी बैंकिंग संकट, अमेरिकी केंद्रीय बैंक की 21-22 मार्च को होने वाली बैठक, और विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार बिकवाली सहित ऐसे कई कारण रहे, जिसने निवेशकों के सेंटीमेंट पर असर डाला है। ग्लोबल लेवल पर हाल में घटनाओं को देखते हुए निवेशक शेयर बाजार से पैसे निकालकर सोने को खरीदते हुए दिखे, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने की कीमत 2,000 डॉलर प्रति औंस के भाव को पार कर गईं।

रेलिगेयर ब्रोकिंग (Religare Broking) के अजीत मिश्रा ने बताया, "निवेशकों की मुख्य चिंता अमेरिकी बैंकिंग संकट रहा, जिसके चलते निवेशक सर्तक दिखे। इसका अलावा विदेशी फंडों की लगातार पैसों की निकासी ने भी चिंता बढ़ाई है।"


बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन सोमवार को 257.52 लाख करोड़ रुपये से घटकर 255.47 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जिससे निवेशकों की संपत्ति आज करीब 2 लाख करोड़ रुपये की घट गई।

यह भी पढ़ें- RIL Shares: जेफरीज ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के नए बिजनेसों पर जताया भरोसा, दिया 3,100 रुपये का टारगेट प्राइस

अगर पिछले 7 कारोबारी दिनों के प्रदर्शन को देखें, खासतौर से पिछले स्विंग के उच्च-स्तर से तो निवेशकों के शेयर बाजार में अब तक करीब 10.77 लाख करोड़ रुपये डूब चुके हैं। 8 मार्च को बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 266.24 लाख करोड़ रुपये था।

FMCG को छोड़कर सोमवार को सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। मेटल इंडेक्स में 2 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप दोनों इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट के साथ व्यापक बाजार भी आज बिकवाली के दबाव में रहे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा , "बाजार अब अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक के नतीजे का इंतजार कर रहा है। यह देखना है कि मौजूदा संकट को लेकर उनकी खासकर नीतिगत दर को लेकर प्रतिक्रिया क्या रहती है। निवेशक उम्मीद कर रहे हैं कि केंद्रीय बैंक नीतिगत दर को यथावत रख सकता है या उसमें 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकता है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।