उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 238 प्रतिशत बढ़ गया। आंकड़ा 281.97 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 83.39 करोड़ रुपये था। शुद्ध ब्याज आय (NII) 26.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1092.89 करोड़ रुपये हो गई, जबकि मार्च 2025 तिमाही में यह 864.31 करोड़ रुपये थी।
बैंक ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसकी कुल स्टैंडअलोन इनकम 18.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2185.06 करोड़ रुपये हो गई। मार्च 2025 तिमाही में यह 1843.05 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की स्टैंडअलोन बेसिस पर कुल इनकम 8038.97 करोड़ रुपये और मुनाफा 692.63 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
मार्च 2026 तिमाही में उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की एसेट क्वालिटी ग्रॉस NPA के मामले में सालाना आधार पर गिरी। लेकिन तिमाही आधार पर सुधरी। ग्रॉस NPA (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) रेशियो बढ़कर 2.26 प्रतिशत हो गया। एक साल पहले यह 2.18 प्रतिशत था। एक तिमाही पहले यह 2.38 प्रतिशत रहा था। नेट NPA रेशियो 0.43 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो एक तिमाही पहले 0.57 प्रतिशत था। मार्च 2025 तिमाही में यह 0.49 प्रतिशत था।
मार्च 2026 तिमाही के आखिर तक बैंक के डिपॉजिट 45668.33 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले ये 37630.48 करोड़ रुपये के थे। एडवांसेज 39760.55 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही के आखिर तक 31390 करोड़ रुपये के थे।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर में 8 मई को गिरावट है। BSE पर शेयर की कीमत 0.50 प्रतिशत नीचे आई है। यह 62.39 रुपये पर बंद हुआ है। बैंक का मार्केट कैप 12100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। बैंक में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। एक साल में शेयर की कीमत 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी है।
Ujjivan Small Finance Bank के बोर्ड ने 2000 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने को मंजूरी दे दी है। यह एक या एक से ज्यादा राउंड में जुटाया जाएगा। इसके लिए प्रिफरेंशियल इश्यू , प्राइवेट प्लेसमेंट, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट जैसे रूट या इनके कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रपोजल पर अभी जरूरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।