आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 240 रुपये प्रति शेयर का शानदार फाइनल डिविडेंड मिलने वाला है। यह कंपनी की ओर से घोषित अब तक का सबसे ज्यादा डिविडेंड है। रिकॉर्ड डेट 30 जुलाई है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुके होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
इस फाइनल डिविडेंड को कंपनी के बोर्ड ने अप्रैल महीने में मंजूरी दी थी। इस पर 17 अगस्त को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। उसके बाद पेमेंट किया जाएगा। अल्ट्राटेक सीमेंट ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 77.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
UltraTech Cement के शेयर का अभी कितना भाव
कंपनी का शेयर शुक्रवार, 24 जुलाई को BSE पर 11839.55 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 3.48 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 13,104 रुपये और एडजस्टेड लो 10,329 रुपये है। अल्ट्राटेक सीमेंट में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 59.33 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Q1 में मुनाफा 17% बढ़ा, रेवेन्यू रहा 16% ज्यादा
अल्ट्राटेक सीमेंट का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 17 प्रतिशत बढ़ गया। आंकड़ा 2599.28 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 2225.90 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडटेड रेवेन्यू 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 24648.20 करोड़ रुपये हो गया। जून 2025 तिमाही में यह 21275.45 करोड़ रुपये था। जून 2026 तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 21286.19 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 18405.19 करोड़ रुपये के थे।
हाल ही में अल्ट्राटेक सीमेंट के बोर्ड ने विवेक अग्रवाल को 2 साल के लिए होल-टाइम डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर के तौर पर रीअपॉइंट करने को मंजूरी दी है। उनका कार्यकाल 1 जनवरी 2027 से लेकर 31 दिसंबर 2028 तक होगा। इस रीअपॉइंटमेंट पर अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है। अग्रवाल पिछले 30 से ज्यादा सालों से अल्ट्राटेक सीमेंट के साथ हैं। उन्होंने 1993 में कंपनी को जॉइन किया था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।