हिंदुस्तान जिंक का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 144.8 प्रतिशत बढ़कर 5469 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 2234 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 77 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 13747 करोड़ रुपये हो गया। जून 2025 तिमाही में यह 7771 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि जून 2026 तिमाही में उसके कुल खर्च 6749 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 5065 करोड़ रुपये के थे। EBITDA एक साल पहले से 109 प्रतिशत बढ़कर 8074 करोड़ रुपये रहा, जो कि किसी तिमाही में दर्ज किया गया अब तक का सबसे ज्यादा EBITDA है।
जून 2026 तिमाही में हिंदुस्तान जिंक का माइन्ड मेटल प्रोडक्शन 268 KT (किलोटन) रहा। यह सालाना आधार पर 1 प्रतिशत ज्यादा रहा। रिफाइंड मेटल प्रोडक्शन सालाना आधार पर 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 260 KT दर्ज किया गया। जिंक के प्रोडक्शन की कॉस्ट 851 डॉलर प्रति टन रही, जो कि किसी एक तिमाही में देखी गई लोएस्ट कॉस्ट है। सिल्वर प्रोडक्शन 149 टन दर्ज किया गया।
Hindustan Zinc के शेयर में आई तेजी
तिमाही नतीजे सामने आने के बाद हिंदुस्तान जिंक का शेयर हरे निशान में आ गया है। हालांकि बढ़त मामूली है। दिन में शेयर BSE पर 534.65 रुपये के हाई तक गया। बाद में 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 531.95 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2.24 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में 24 प्रतिशत नीचे आया है। 3 महीनों में कीमत 9 प्रतिशत गिरी है।
हिंदुस्तान जिंक के बोर्ड ने अमरेंदु प्रकाश को 1 अगस्त, 2026 से चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और होल-टाइम डायरेक्टर नियुक्त किया है। प्रकाश भारत के स्टील सेक्टर में 30 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। इससे पहले 2023 से 2026 तक वह SAIL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर थे। इसके अलावा कंपनी ने अमित गुप्ता को चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नियुक्त किया है। उनकी जिम्मेदारी की शुरुआत 1 जून, 2026 से हुई है। क्वालिफाइड चार्टर्ड अकाउंटेंट गुप्ता को 20 साल से ज्यादा का अनुभव है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।