UltraTech Cement Share Price: अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में 21 जुलाई को तेजी दिखी। यह शेयर मजबूत खुला। फिर इसमें अच्छी खरीदारी दिखी। इससे शेयर का प्राइस 10:10 बजे 1.71 फीसदी के उछाल के साथ 12,107 पर चल रहा था। कंपनी के 20 जुलाई को जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। नतीजों के बाद शेयर 1.5 फीसदी चढ़कर 11,903 रुपये पर क्लोज हुआ था।
बीते एक महीने में 6 फीसदी चढ़ा शेयर
UltraTech Cement के शेयर का प्राइस इस साल फ्लैट रहा है। इस दौरान निफ्टी 50 में 7.3 फीसदी गिरावट आई है। हालांकि, बीते एक महीने में अल्ट्राटेक का शेयर 6 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। यह देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 3.51 लाख करोड़ रुपये है।
जून तिमाही में प्रॉफिट 17 फीसदी बढ़ा
अल्ट्राटेक सीमेंट ने 20 जुलाई को जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कई चुनौतियों के बावजूद इस दौरान कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 17.2 फीसदी बढ़कर 2,604 करोड़ रुपये रहा। यह सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में 2,453 करोड़ रुपये के प्रॉफिट के अनुमान से ज्यादा है।
ऑपरेशंस से रेवेन्यू 15.8 फीसदी बढ़ा
जून तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू 15.8 फीसदी बढ़कर24,648 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 13.7 फीसदी बढ़कर 5,016 करोड़ रुपये रहा। ये दोनों भी मार्केट के अनुमान से ज्यादा रहे। ग्रे सीमेंट वॉल्यूम साल दर साल आधार पर 13.1 फीसदी बढ़कर 3.91 करोड़ टन रहा, जबकि ऑपरेटिंग EBITDA प्रति टन बढ़कर 1,214 करोड़ रुपये पहुंच गया।
जेफरीज ने शेयर का टारगेट प्राइस 14,065 रुपये दिया
विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 14,065 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि शेयर 20 जुलाई के अपने क्लोजिंग प्राइस से 18 फीसदी से ज्यादा चढ़ सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि जून तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। स्ट्रॉन्ग वॉल्यूम ग्रोथ और बेहतर प्राइसिंग की बदौलत कंपनी का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा।
सीएलएसए ने शेयर पर आउटपरफॉर्म रेटिंग बनाए रखी
CLSA ने अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर पर 'आउटपरफॉर्म' की अपनी रेटिंग बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 14,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि जून तिमाही में कंपनी का सीमेंट वॉल्यूम साल दर साल आधार पर 13 फीसदी बढ़ा। EBITDA प्रति टन 1,183 रुपये रहा। दोनों ही बाजार के अनुमान से ज्यादा हैं। कंपनी का कॉस्ट गाइडेंस उत्साह बढ़ाने वाला है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।