US Market: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी शेयर बाजार हुआ लाल, इजरायल में हुआ है आतंकी हमला

Dow Jones में आज 238.99 अंक यानी 0.56 फीसदी की गिरावट आई है और यह 42,072.32 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। इसके अलावा, S&P 500 की बात करें तो यह 62.79 अंक या 1.06 फीसदी टूट गया है और 5,699.69 के स्तर पर कारोबार हो रहा है। वहीं, Nasdaq में 1.79 फीसदी की गिरावट आई है और यह 17,864.49 के लेवल पर है

अपडेटेड Oct 01, 2024 पर 11:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इजरायल की राजधानी तेल अवीव के पास जाफा में आतंकी हमले का असर अमेरिका के शेयर बाजार में भी दिख रहा है।

US Market: इजरायल की राजधानी तेल अवीव के पास जाफा में आतंकी हमले का असर अमेरिका के शेयर बाजार में भी दिख रहा है। डाउ जोन्स (Dow Jones) में आज 238.99 अंक यानी 0.56 फीसदी की गिरावट आई है और यह 42,072.32 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। इसके अलावा, S&P 500 की बात करें तो यह 62.79 अंक या 1.06 फीसदी टूट गया है और 5,699.69 के स्तर पर कारोबार हो रहा है। वहीं, Nasdaq में 1.79 फीसदी की गिरावट आई है और यह 17,864.49 के लेवल पर है। बता दें कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिसके चलते निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ है।

4 लोगों के मारे जाने की खबर

इजरायल में हुए इस हमले में 4 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक के बाद एक गोली चलने की आवाज सुनाई दे रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि जाफा गोलीबारी एक संदिग्ध आतंकवादी हमला है। इजरायली मीडिया में कहा जा रहा है कि दक्षिण तेल अवीव के जाफा में गोलीबारी की घटना में कई लोग घायल हुए हैं। उन्हें मेडिकल सहायता दी जा रही है। घटना शहर के जेरूसलम स्ट्रीट पर हुई है। इजरायल के आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट में बताया गया है कि दोनों आतंकियों को मार गिराया गया है।


ताजा अपडेट में स्थानीय मीडिया ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना मध्य इजरायली शहर में एक लाइट रेल स्टेशन के पास हुई। ट्रेन से उतरते समय दो आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने गोली मार दी। पुलिस को संदेह है कि कम से कम एक और आतंकवादी अभी भी इलाके में मौजूद है। डॉक्टरों का कहना है कि इस हमले में कई लोग हताहत हुए हैं। मैगन डेविड एडोम एम्बुलेंस सेवा का कहना है कि वह गोलीबारी में घायलों का इलाज चल रहा है और बताया जा रहा है कि कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं और बेहोश हैं।

भारतीय शेयर बाजार फ्लैट बंद

भारतीय शेयर बाजार की बात करें तो 1 अक्टूबर को यह लगभग सपाट बंद हुआ है। सेंसेक्स में 34 अंक की मामूली गिरावट रही। हालांकि छोटे और मझोले शेयरों में अच्छी तेजी रही। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज दिन भर में करीब 60,000 करोड़ रुपये बढ़ गई। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 0.27 फीसदी और 0.56 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। आज के कारोबार के दौरान आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। वहीं दूसरी ओर मेटल, ऑयल एंड गैस और टेलीकम्युनिकेशंस में गिरावट रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।