Vedanta Aluminium Share: वेदांता एल्युमीनियम के शेयरों पर 24 जून को भी दबाव दिखा। लिस्टिंग प्राइस से यह शेयर 12 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है। इसके बावजूद ब्रोकरेज फर्मों का नजरिया इस शेयर को लेकर पॉजिटिव है। उनका कहना है कि कंपनी को फेवरेबल एल्युमीनियम साइकिल, ऑपरेशनल ग्रोथ की अच्छी संभावनाओं और इम्प्रूविंग कॉस्ट कॉम्पटिटिवनेस का फायदा कंपनी को मिलेगा। वेदांता एल्युमीनियम का शेयर 24 जून को 11 बजे 1.12 फीसदी गिरकर 451 रुपये पर चल रहा था।
CLSA ने दिया 540 रुपये का टारगेट प्राइस
विदेशी ब्रोकरेज फर्म CLSA ने Vedanta Aluminium Metal पर 'आउटपरफॉर्म' की अपनी रेटिंग बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 540 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह 23 जून को शेयर के 456 रुपये के क्लोजिंग प्राइस से करीब 18 फीसदी ज्यादा है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि एल्युमीनियम इंडस्ट्री के फंडामेंटल्स और वेदांता एल्युमीनियम की ग्रोथ की संभावनाओं को लेकर उसका रुख पॉजिटिव है। कंपनी बैकवॉर्ड इंटिग्रेशन के उपायों पर फोकस कर रही है। इससे उसकी लीडरशिप पोजीशन को मजबूती मिलेगी।
वैल्यूएशन प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के मुकाबले कम
वेदांता समूह की कंपनियों का डिविडेंड देने का ट्रैक रिकॉर्ड भी अच्छा है। सीएलएसए के मुताबिक, वेदांता एल्युमीनियम की वैल्यूएशन इसकी ग्लोबल प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के मुकाबले कम है। वेदांता एल्युमीनियम के ग्रोथ आउटलुक और कैश जेनरेशन की क्षमता को देखते हुए उसकी वैल्यूएशन कम लगती है।
लिस्टिंग प्राइस से 12 फीसदी गिर चुका है शेयर
वेदांता एल्युमीनियम के शेयरों में 23 जून को 4.7 फीसदी गिरावट आई थी। 15 जून के 522 रुपये के अपने लिस्टिंग प्राइस से यह शेयर करीब 12.6 फीसदी गिर चुका है। वेदांता ग्रुप के डीमर्जर के बाद यह शेयर लिस्ट हुआ था। वेदांता ग्रुप ने अपने एल्युमीनियम बिजनेस को अलग कर दिया है और कंपनी को अलग से लिस्ट कराया है।
कोटक ने दिया 600 रुपये का टारगेट प्राइस
इस हफ्ते की शुरुआत में कोटक इंस्टीट्यूशन इक्विटीज ने वेदांता एल्युमीनियम को कवर करना शुरू किया था। उसने इसके शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने इसके शेयर की फेयर वैल्यू 600 रुपये बताई है। उसने कहा है कि कंपनी की स्ट्रॉन्ग फ्री कैश फ्लो प्रोफाइल, सेक्टर लीडिंग वॉल्यूम ग्रोथ और कॉस्ट में कंपनी की संभावनाओं को देखते हुए इसकी वैल्यूएशन ज्यादा होनी चाहिए।
सिटी ने भी दी है शेयर खरीदने की सलाह
Citi ने भी वेदांता एल्युमीनियम के शेयरों को खरीदने की अपनी सलाह बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 560 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कम सप्लाई की वजह से आगे एल्युमीनियम की कीमतों में मजबूती बने रहने की संभावना है। वेदांता ग्रुप की रीस्ट्रक्चरिंग में एल्युमीनियम बिजनेस सबसे फायदेमंद बिजनेस के रूप में उभरा है।