वेदांता लिमिटेड (Vedanta Ltd) ने मंगलवार 28 मार्च को मौजूदा वित्त वर्ष के लिए 5वां अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया। अरबपति उद्योगपति अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) की कंपनी वेदांता लिमिटेड ने बताया कि वह योग्य शेयरधारकों को प्रति शेयर 20.50 रुपये के डिविडेंड का भुगतान करेगी। कंपनी डिविडेंड पर कुल 7,621 करोड़ रुपये खर्च करेगी। वेदांता ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया, "कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने प्रति शेयर 20.50 रुपये के अंतरिम डिविडेंड देने को मंजूरी दी है, जो 1 रुपये के फेस वैल्यू वाले शेयर का करीब 2050% है। डिविडेंड के भुगतान पर कुल 7,621 करोड़ रुपये खर्च आएगा।"
कंपनी ने आगे कहा, "डिविडेंड के उद्देश्य से योग्य शेयरधारकों की पहचान करने के लिए शुक्रवार 7 अप्रैल 2023 को रिकॉर्ड डेट तय किया जाएगा।" वेदांता चालू वित्त वर्ष में पहले ही 4 अंतरिम डिविडेंड का ऐलान कर चुकी है। ये अंतरिम डिविडेंड 12.50 रुपये, 17.50 रुपये, 19.50 रुपये और 31.50 रुपये के थे।
पिछले 12 महीने में अनिल अग्रवाल की अगुआई वाली कंपनी 81 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड का भुगतान कर चुकी है। इसके साथ ही इसका डिविडेंड यील्ड करीब 30% पहुंच गया है। इस बीच वेंदाता के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 1.01 फीसदी बढ़कर 275.50 रुपये के भाव पर बंद हुए।
CFO अजय गोयल ने दिया इस्तीफा
इसके अलावा वेदांता ने मंगलवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह भी बताया कि उसके कार्यवाहक सीएफओ, अजय गोयल (Ajay Goel) ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। 9 अप्रैल को उनका कंपनी में आखिरी दिन होगा। वेंदाता ने कहा कि वह आने वाले दिनों में अजय गोयल की जगह नए सीएफओ की नियुक्ति का ऐलान करेगी।