Vedanta Resources Results: वेदांता ग्रुप की होल्डिंग कंपनी Vedanta Resources ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का मुनाफा करीब चार गुना बढ़कर 213.9 करोड़ डॉलर हो गया। एक साल पहले कंपनी ने 55.9 करोड़ डॉलर का मुनाफा कमाया था। यानी प्रॉफिट करीब 283% बढ़ा है।
कंपनी के मुताबिक, प्रोडक्शन बढ़ने और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार से नतीजों को मजबूती मिली। इसके अलावा, कमोडिटी की ऊंची कीमतों और नई उत्पादन क्षमता के बेहतर इस्तेमाल का भी फायदा मिला।
रेवेन्यू में 31% की बढ़ोतरी
पहली छमाही में वेदांता रिसोर्सेज का रेवेन्यू बढ़कर 1,229.4 करोड़ डॉलर हो गया। एक साल पहले यह 936.7 करोड़ डॉलर था। इसमें करीब 31% की बढ़ोतरी हुई। कंपनी ने कहा कि बेहतर उत्पादन और लागत पर नियंत्रण से कारोबार को फायदा मिला है।
वेदांता रिसोर्सेज ने अपने कर्ज को कम करने में भी कामयाबी हासिल की है। मजबूत कैश फ्लो और पूंजी के बेहतर इस्तेमाल से Vedanta Resources ने छह महीने में अपना नेट कर्ज 170 करोड़ डॉलर घटाया। सितंबर के अंत में यह 884 करोड़ डॉलर रह गया। वहीं, कंपनी की लिक्विडिटी बढ़कर 420 करोड़ डॉलर हो गई। यह वित्त वर्ष 2026 के अंत के मुकाबले 25% ज्यादा है।
ग्रोथ के लिए 60 करोड़ डॉलर का निवेश
वेदांता रिसोर्सेज ने भविष्य की योजनाओं पर भी खर्च जारी रखा। पहली छमाही में उसने 60 करोड़ डॉलर का ग्रोथ कैपेक्स किया। इसका इस्तेमाल उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कारोबार को बेहतर तरीके से जोड़ने और लागत घटाने के लिए किया जा रहा है।
वेदांता के डीमर्जर के बाद पांच अलग-अलग लिस्टेड कंपनियां बनी हैं। हर कंपनी की अपनी ग्रोथ रणनीति और मैनेजमेंट टीम होगी। कंपनी का मानना है कि इससे कारोबार पर बेहतर फोकस रहेगा और निवेश के नए अवसर मिलेंगे।
वेदांता का कारोबार मेटल, मिनरल्स, तेल-गैस और एनर्जी जैसे क्षेत्रों में फैला है। कंपनी को उम्मीद है कि इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और इलेक्ट्रिफिकेशन की बढ़ती मांग से आने वाले समय में उसके कारोबार को फायदा मिलेगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।