एग्रीटेक, माइनिंग और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में कारोबार करने वाली SC Agrotech डिजिटल हेल्थकेयर सेक्टर में कदम रखने जा रही है। कंपनी ने अपना 'SC Health Suite' लॉन्च किया है। यह ब्राउजर-बेस्ड वेलनेस और हेल्थ ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए यूजर स्मार्टफोन की मदद से सेहत से जुड़ी कई गतिविधियों को ट्रैक कर सकेंगे।
स्मार्टफोन से काम करेगा हेल्थ प्लेटफॉर्म
SC Health Suite को इस्तेमाल करने के लिए किसी खास वियरेबल डिवाइस या अलग हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी। यह सीधे मोबाइल ब्राउजर पर काम करेगा। इसके लिए स्मार्टफोन में मौजूद कैमरा, माइक्रोफोन और मोशन सेंसर का इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म में 15 अलग-अलग डिजिटल टूल शामिल हैं।
कंपनी का कहना है कि इनमें हार्ट रेट का अनुमान लगाने, आंखों और सुनने की क्षमता की शुरुआती जांच, रिएक्शन टाइम और मेमोरी एक्सरसाइज जैसी सुविधाएं हैं। इसके अलावा पोस्चर, नींद, पोषण, दवाओं के इस्तेमाल और हेल्थ हिस्ट्री को ट्रैक करने के टूल भी दिए गए हैं। हालांकि इस प्रोडक्ट के नतीजे और अनुमान कितने प्रभावी हैं, इसकी अभी कोई डिटेल नहीं है।
एग्रीटेक के बाद हेल्थकेयर में विस्तार
SC Agrotech इससे पहले AgriBridge नाम का डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म लाई थी। अब कंपनी डिजिटल वेलनेस और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के क्षेत्र में अवसर तलाश रही है। कंपनी की योजना इस क्षेत्र में संभावित अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों की संभावनाएं तलाशने की भी है।
दूसरी तिमाही में रेवेन्यू 802% बढ़ा
हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग ऐसे समय हो रही है, जब कंपनी के वित्तीय नतीजों में सुधार दर्ज किया गया है। सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर ₹45.26 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹5.02 करोड़ था।
वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले साल के करीब ₹21.21 लाख से बढ़कर ₹10.21 करोड़ पहुंच गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।