Stock Market Weekly Outlook: भारतीय शेयर बाजार इस हफ्ते विदेशी निवेशकों के रुख, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, प्रमुख आर्थिक आंकड़ों और भारतीय रिजर्व बैंक के ब्याज दर संबंधी फैसले पर केंद्रित रह सकते हैं। निवेशक घरेलू और वैश्विक घटनाक्रमों को परखते हुए बाजार की अगली दिशा तय करेंगे।
बैंकिंग शेयरों की कमजोरी, बढ़ते कच्चे तेल के दाम और RBI की मौद्रिक नीति से पहले निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते पिछले हफ्ते भारतीय बाजारों की चार हफ्ते की तेजी का सिलसिला टूट गया। बीते हफ्ते सेंसेक्स 580.45 अंक (0.69%) फिसला, जबकि निफ्टी 193.4 अंक (0.74%) नीचे बंद हुआ।
इस हफ्ते किन बड़े ट्रिगर्स पर रहेगी बाजार की नजर?
HST Wealth के फाउंडर और सीईओ हरिसेल्वन राधाकृष्णन के मुताबिक, आने वाले हफ्ते में घरेलू मोर्चे पर ये अहम आर्थिक और नीतिगत आंकड़े बाजार की दिशा तय करेंगे:
1. RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC): घरेलू मोर्चे पर सबसे बड़ा घटनाक्रम 2 से 4 दिसंबर के बीच होने वाली RBI की MPC बैठक है, जिसके ब्याज दरों से जुड़े फैसले की घोषणा शुक्रवार, 4 दिसंबर को होगी। निवेशक महंगाई, रुपये पर दबाव और लिक्विडिटी की स्थिति को लेकर RBI के आकलन पर बारीकी से नजर रखेंगे।
2. GDP और IIP के आंकड़े: 30 नवंबर को सितंबर तिमाही की GDP ग्रोथ और अक्टूबर के औद्योगिक उत्पादन (IIP) के आंकड़े जारी होने हैं, जिनसे आर्थिक रफ्तार का अहम संकेत मिलेगा।
3. PMI के आंकड़े: 1 दिसंबर को नवंबर के मैन्युफैक्चरिंग PMI और 3 दिसंबर को सर्विसेज PMI के आंकड़े आएंगे, जो कारोबारी गतिविधियों की गति को दर्शाएंगे।
4. कच्चा तेल, रुपया और भू-राजनीतिक घटनाक्रम: वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक हलचल और उसका कच्चे तेल की कीमतों, रुपये तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के प्रवाह पर पड़ने वाला असर बाजार की धारणा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
FPIs का रिकॉर्ड निवेश और AI ट्रेड का असर
विदेशी निवेशकों ने नवंबर 2026 में भारतीय शेयर बाजार में अब तक का सबसे बड़ा मासिक निवेश करते हुए ₹1.54 लाख करोड़ लगाए हैं। वैश्विक स्तर पर AI से जुड़े शेयरों में बिकवाली और घरेलू कंपनियों के मजबूत मुनाफे के दम पर यह जोरदार वापसी देखने को मिली है।
यह ऐतिहासिक खरीदारी ऐसे समय में आई है जब इससे पहले विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने अक्टूबर में ₹34,843 करोड़ और सितंबर में ₹35,861 करोड़ की निकासी की थी।
बाजार की अगली चाल के लिए क्या अहम?
बाजार जानकारों के मुताबिक, हालिया तेजी में ठहराव के बाद बाजार अब प्रमुख सपोर्ट स्तरों को कितना मजबूती से थामे रखता है, इससे अगली दिशा तय होगी। इसके अलावा अमेरिकी टेक शेयरों की चाल, AI निवेश को लेकर बदलती रणनीति, अमेरिकी टैरिफ से जुड़े घटनाक्रम और अमेरिका के नॉन-फार्म पेरोल्स के आंकड़े भी वैश्विक संकेतों के तौर पर निवेशकों के रडार पर रहेंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।