Upcoming IPO: मार्केट रेगुलेटर SEBI ने आठ कंपनियों को अपना IPO लाने की मंजूरी दे दी है। इनमें वेदांता ग्रुप की स्टरलाइट इलेक्ट्रिक और अनन्या बिड़ला की स्वतंत्र माइक्रोफिन भी शामिल हैं। इन कंपनियों को सेबी से ऑब्जर्वेशन मिल गया है। अब ये जरूरी शर्तें पूरी करके IPO की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकती हैं।
इन दो कंपनियों के IPO पर रहेगी नजर
स्टरलाइट इलेक्ट्रिक को 20 नवंबर को सेबी से मंजूरी मिली। कंपनी ने अक्टूबर 2025 में IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। इसके तहत 1.6 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे। पहले आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस IPO से करीब ₹1,500 करोड़ जुटाना चाहती है।
वहीं, स्वतंत्र माइक्रोफिन को 27 नवंबर को मंजूरी मिली। कंपनी ने अगस्त में IPO के लिए आवेदन किया था। इसके जरिए करीब ₹3,000 करोड़ जुटाने की योजना है। इसमें ₹1,500 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। बाकी रकम मौजूदा निवेशकों की हिस्सेदारी बेचकर जुटाई जाएगी।
ये 6 कंपनियां भी लाएंगी IPO
सेबी से मंजूरी पाने वाली दूसरी छह कंपनियों में गौरिक फैशन्स, एमराल्ड ज्वेल इंडस्ट्री इंडिया, ब्यूटी गैरेज, नोबल हाइजीन, एमपी स्टील (इंडिया) और कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स शामिल हैं।
इनमें ब्यूटी गैरेज नए शेयर जारी करके ₹125 करोड़ तक जुटाना चाहती है। इसके अलावा प्रमोटर 78.36 लाख शेयर बेच सकते हैं। नोबल हाइजीन ने ₹150 करोड़ तक के फ्रेश इश्यू और 1.55 करोड़ शेयरों तक के OFS का प्रस्ताव दिया है। एमपी स्टील (इंडिया) ₹95 करोड़ तक के नए शेयर जारी करने की योजना बना रही है। वहीं, कटारिया धुलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स 1.6 करोड़ तक नए शेयर जारी कर सकती है।
दो कंपनियों ने वापस लिए IPO के पेपर
इस बीच, दो कंपनियों ने अपने IPO के ड्राफ्ट पेपर वापस ले लिए हैं। इनमें बीविशाल ऑयल एंड एनर्जी और पेंटाकल कंसल्टेंट्स (I) शामिल हैं। दोनों कंपनियों ने नवंबर में अपने दस्तावेज वापस लिए।
इसका मतलब है कि इन कंपनियों ने फिलहाल के आईपीओ लाने की योजना टाल दी है। दोनों कंपनियों के IPO में फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल थे।