IPOs This Week: अगले हफ्ते खुलने जा रहे हैं 7 नए IPO, 3 कंपनियों की होगी लिस्टिंग; चेक करें पूरी लिस्ट

Upcoming IPOs This Week: दिसंबर 2026 के पहले हफ्ते में प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त हलचल रहने वाली है। 1 से 4 दिसंबर के बीच 5 मेनबोर्ड और 2 SME समेत कुल 7 नए IPO खुलने जा रहे हैं। इसके अलावा 3 कंपनियों की बाजार में लिस्टिंग भी तय है। जानें इन कंपनियों के आईपीओ की पूरी डिटेल

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 10:30 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मातंगी रबर का ₹125.16 करोड़ का इश्यू 1 दिसंबर को खुलेगा और 3 दिसंबर को बंद होगा

Upcoming IPOs Next Week: दिसंबर 2026 के पहले हफ्ते में शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में निवेशकों के लिए कमाई के कई मौके आने वाले हैं। अगले हफ्ते कुल 7 कंपनियां अपने IPO लॉन्च करने जा रही हैं। जिनमें पांच मेनबोर्ड और दो SME इश्यू शामिल हैं। इसके साथ ही बाजार में तीन नई कंपनियों की लिस्टिंग भी होने वाली है।

मेनबोर्ड सेगमेंट में खुलने वाले 5 बड़े IPO

1. मातंगी रबर आईपीओ (Matangi Rubber IPO)


टायर, टायर ट्यूब, टायर फ्लैप और रबर कंपाउंड बनाने वाली कंपनी मातंगी रबर का ₹125.16 करोड़ का इश्यू 1 दिसंबर को खुलेगा और 3 दिसंबर को बंद होगा। ₹99.10 करोड़ मूल्य के 57.62 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे, जबकि प्रमोटर्स और शेयरधारकों द्वारा ₹26.06 करोड़ का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाया जा रहा है।

कंपनी ने ₹163 से ₹172 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है और एक लॉट में 87 शेयर हैं। अपर प्राइस बैंड पर निवेशकों को ₹14,964 का न्यूनतम निवेश करना होगा।

कंपनी शुद्ध आय में से ₹45 करोड़ का उपयोग कर्ज चुकाने के लिए करेगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के भिंड में रबर रीसाइक्लिंग उत्पादों की ग्रीनफील्ड यूनिट लगाने पर ₹19.06 करोड़ और सॉलिड टायर्स प्लांट पर ₹8.44 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसकी लिस्टिंग 8 दिसंबर को प्रस्तावित है।

2. मोनोमार्क इंजीनियरिंग आईपीओ (Monomark Engineering IPO)

औद्योगिक संचालन व रखरखाव (O&M), मेटल फैब्रिकेशन और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन सेवाएं देने वाली मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड का ₹175.50 करोड़ का आईपीओ 2 दिसंबर को खुलेगा और 4 दिसंबर को बंद होगा। यह आईपीओ 2.70 करोड़ फ्रेश शेयरों का इश्यू है और इसमें कोई OFS शामिल नहीं है।

इसका प्राइस बैंड ₹60 से ₹65 प्रति शेयर तय किया गया है। रिटेल निवेशक न्यूनतम 225 शेयरों (₹14,625) के एक लॉट के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कंपनी आईपीओ से मिलने वैक पैसों में से ₹120 करोड़ का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए और शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। शेयरों की लिस्टिंग 9 दिसंबर को होनी है।

3. स्वारा बेबी प्रोडक्ट्स आईपीओ (Swara Baby Products IPO)

2018 में स्थापित डिस्पोजेबल हाइजीन उत्पाद बेबी डायपर, एडल्ट डायपर, सैनिटरी नैपकिन और पैंटी लाइनर बनाने वाली कंपनी स्वारा बेबी प्रोडक्ट्स का ₹799.88 करोड़ का आईपीओ 2 दिसंबर को खुलकर 4 दिसंबर को बंद होगा।

प्राइस बैंड ₹105 से ₹111 प्रति शेयर तय किया गया है और एक लॉट में 135 शेयर (₹14,985) रखे गए हैं। इसमें ₹499.88 करोड़ के फ्रेश इक्विटी शेयर और ₹300 करोड़ का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) शामिल है।

फ्रेश इश्यू से जुटाई गई राशि का उपयोग मध्य प्रदेश में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने, कर्ज चुकाने और अपनी सहायक कंपनियों (Solis Hygiene, Swara Hygiene और K.A. Enterprises Hygiene) के कर्ज निपटान के लिए किया जाएगा। इसकी लिस्टिंग 9 दिसंबर को होगी।

4. एनक्यूब एथिकल्स आईपीओ (Encube Ethicals IPO)

इन तीन प्रमुख इश्यूज के अलावा फार्मास्युटिकल क्षेत्र की कंपनी एनक्यूब एथिकल्स का मेनबोर्ड आईपीओ भी अगले हफ्ते 3 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है, जो 7 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी की ओर से जल्द ही इसके प्राइस बैंड और इश्यू साइज का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।

5. इंटेग्रिस मेडटेक आईपीओ (Integris Medtech IPO)

एवरस्टोन ग्रुप और दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल के निवेश वाली मेडिकल टेक्नोलॉजी कंपनी इंटेग्रिस मेडटेक का आईपीओ 4 दिसंबर को खुलेगा और 8 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी फ्रेश इक्विटी शेयर जारी कर ₹600 करोड़ जुटाएगी, जबकि प्रमोटर एवरक्योर होल्डिंग्स ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के जरिए 1.08 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी।

इसके प्राइस बैंड का ऐलान 30 नवंबर को होने की उम्मीद है। एंकर बुक 3 दिसंबर को खुलेगी, शेयर अलॉटमेंट 9 दिसंबर को होगा और लिस्टिंग 11 दिसंबर को तय है। कंपनी नेट फ्रेश इश्यू से प्राप्त रकम में से ₹509.8 करोड़ का उपयोग अपनी सहायक कंपनियों का कर्ज चुकाने और शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

Upcoming IPO: पैसे कर लें तैयार! मुकुल अग्रवाल के पोर्टफोलियो वाली इस कंपनी का ₹600 करोड़ का IPO 4 दिसंबर से होगा ओपन

SME सेगमेंट के 2 नए IPO 

एजे पैकेजिंग (AJ Packaging SME IPO): यह ₹54 करोड़ का इश्यू 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक खुला रहेगा। इसका प्राइस बैंड ₹175 से ₹180 प्रति शेयर और लॉट साइज 800 शेयरों का तय किया गया है।

विश्वास रिफॉइल्स एंड कंज्यूमर (Vishwas Refoils & Consumer SME IPO): खाद्य तेल कारोबार से जुड़ी इस कंपनी का ₹25.78 करोड़ का फ्रेश इश्यू 3 दिसंबर से 7 दिसंबर तक खुलेगा। इसका प्राइस बैंड ₹85 से ₹90 प्रति शेयर रखा गया है।

अगले हफ्ते होने वाली है 3 लिस्टिंग

अगले हफ्ते शेयर बाजार में 2 दिसंबर को श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज, 3 दिसंबर को फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स, और 4 दिसंबर को एयरप्रो टेक्नोलॉजी के शेयरों की लिस्टिंग होने जा रही है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।