Vedanta Share Price: वेदांता के शेयरों में 23 जून को बड़ी गिरावट दिखी। बाजार खुलते ही शेयरों पर बिकवाली दबाव दिखा। 10:10 बजे शेयर 6.38 फीसदी गिरकर 286.35 रुपये पर चल रहा था। इस गिरावट की वजह एक खबर है। कंपनी के करीब 1.8 फीसदी शेयरों की बिक्री हुई है। 2,149 करोड़ रुपये का अनुमानति यह ट्रांजेक्शन ब्लॉक डील के जरिए हुआ है।
डिस्काउंट पर ब्लॉक डील होने का अनुमान
इससे पहले सीएनबीसी-टीवी18 ने अपनी खबर में बताया था कि प्रमोटर ट्विन स्टार होल्डिंग्स ब्लॉक डील के जरिए 6.5 करोड़ तक अपने शेयर बेच सकती है। उसने यह भी कहा था कि यह ट्रांजेक्शन प्रति शेयर 291 रुपये के फ्लोर प्राइस पर हो सकता है। यह 22 जून को शेयर के क्लोजिंग प्राइस से करीब 4.9 फीसदी डिस्काउंट पर है। Vedanta Ltd का मार्केट कैपिटाइजेशन 1.1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
अभी खरीदने और बेचने वाले की जानकारी नहीं
अभी शेयर बेचने वाले और खरीदने वाले की पहचान सामने नहीं आई है। लेकिन, मार्केट पार्टिसिपेंट्स का मानना है कि कंपनी के प्रमोटर ट्विन स्टार होल्डिंग्स ने अपने शेयर बेचे हैं। यह वेदांता की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर है। 31 मार्च, 2026 को Twin Star Holdings की Vedanta में 40.02 फीसदी हिस्सेदारी थी। पूरे प्रमोटर ग्रुप की वेदांता में 56.38 फीसदी हिस्सेदारी थी।
रीस्ट्रक्चरिंग के दो हफ्तों के अंदर हुई ब्लॉक डील
यह ब्लॉक डील वेदांता के अपने बिजनेस की रीस्ट्रक्चरिंग के दो हफ्तों के अंदर हुई है। वेदांता ने अपने डीमर्ज्ड एल्युमीनियम, ऑयल एंड गैस, आयरन और स्टील बिजनेस की शेयर बाजार में लिस्टिंग कराई है। 23 जून को शेयर में आई गिरावट के बावजूद वेदांता के शेयर 30 अप्रैल को अपने 271.55 रुपये के एक्स-डीमर्जर प्राइस से ऊपर हैं। डीमर्जर एडजस्टमेंट से पहले 29 अप्रैल को वेदांता का शेयर 773.6 रुपये पर क्लोज हुआ था।
शेयर बाजार लाल से हरे निशान में आया
इधर, शेयर बाजारों में 23 जून को रिकवरी दिखी। कमजोर खुलने के बाद बाजार के प्रमुख सूचकांक हरे निशान में आ गए। 10:25 बजे निफ्टी 0.05 फीसदी यानी 10 अंक चढ़कर 24,110 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.05 फीसदी की मजबूती के साथ 77,130 अंक पर चल रहा था। 22 जून को शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक अच्छी तेजी के साथ बंद हुए थे।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।