'टीवीके प्रमुख विजय वॉरेन बफे की तरह दूरदर्शी हैं', जानिए सोशल मीडिया पर ऐसा क्यों कह रहे यूजर्स

चुनाव आयोग को दिए गए 27 पेज के शपथपत्र में विजय ने बताया है कि 27 मार्च, 2026 को इंडियन ओवरसीज के उनके एक सेविंग्स अकाउंट में 213.36 करोड़ रुपये जमा थे। चार बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट में भी उनके 100 करोड़ रुपये जमा थे

अपडेटेड May 06, 2026 पर 6:45 PM
Story continues below Advertisement
विजय ने वित्त वर्ष 2024-25 में अपनी इनकम 184.53 करोड़ रुपये घोषित की है।

टीवीके प्रमुख विजय के नेटवर्थ और इनवेस्टमेंट की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग को अपनी संपत्ति के बारे में डिटेल जानकारी दी है। इसके मुताबिक, उनका नेटवर्थ 624 करोड़ रुपये है। उनकी अचल संपत्ति 220 करोड़ रुपये और चल संपत्ति 404 करोड़ रुपये है। उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 में अपनी इनकम 184.53 करोड़ रुपये घोषित की है।

विजय की वित्त वर्ष 2024-25 की इनकम के स्रोत में सेल्फ एंप्लॉयमेंट, रेंटल इनकम और इंटरेस्ट अर्निंग्स शामिल हैं। 27 पेज के शपथपत्र में विजय ने बताया है कि 27 मार्च, 2026 को इंडियन ओवरसीज के उनके एक सेविंग्स अकाउंट में 213.36 करोड़ रुपये जमा थे। चार बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट में भी उनके 100 करोड़ रुपये जमा हैं।

सेविंग्स अकाउंट एफडी में जमा पैसे को मिला दिया जाए तो बैंकों में विजय के 313 करोड़ रुपये हैं। बैंक में जमा पैसे को काफी सुरक्षित माना जाता है। इस पर शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता है। उनके इस इनवेस्टमेंट को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया जता रहे हैं।


कुछ यूजर्स इस बात से हैरान हैं कि आज जब लोगों की दिलचस्पी म्यूचुअल फंड्स में बढ़ रही है तब विजय की इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। उनका पैसा कम रिटर्न वाले बैंकों के सेविंग्स और एफडी में जमा है। शेयरों में भी उनका निवेश ना के बराबर है। बहुत ज्यादा कैश रखने की वजह से उनकी तुलना वॉरेन बफे से की जा रही है। एक यूजर ने कहा है कि वह कैश रखने के मामले में बफे की तरह दूरदर्शी हैं।

एक यूजर ने लिखा है, "विजय ने अपना पैसा एफडी में रखकर निफ्टी से ज्यादा रिटर्न कमाया है। उनके पास 300 करोड़ रुपये का कैश है। यह वॉरेन बफे की तरह है, जिनके पास 300 अरब का कैश है। थलापति विजय दूरदर्शी हैं।" दरअसल, आज ज्यादातर लोग बैंक के सेविंग्स अकाउंट और एफडी में ज्यादा पैसा रखना नहीं चाहते हैं। इसकी वजह यह है कि बैंक में जमा पैसे पर बहुत कम रिटर्न मिलता है।

कुछ यूजर्स ने विजय को इनवेस्टमेंट एडवाइस तक दी है। एक यूजर ने लिखा है कि अगर वह हाई डिविडेंड यील्ड वाले पीएसयू स्टॉक्स में निवेश करते हैं तो उनका पैसा सुरक्षित रहेगा और उन्हें रेगुलर इनकम होगी। साथ ही उनका पैसा बढ़ता भी रहेगा। एक यूजर ने लिखा है, "विजय का कुल एसेट 600 करोड़ रुपये है। इसमें से उन्होंने 100 करोड़ बैंक एफडी में रखा है... जो उनके कुल एसेट का 17 फीसदी है। मुझे नहीं पता कि उन्हें किसने यह खराब निवेश सलाह दी है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।