वोडाफोन आइडिया के शेयरों में बड़ी तेजी आ सकती है। इसकी वजह ब्रोकरेज फर्म सिटी की रिपोर्ट है। विदेशी ब्रोकरेज फर्म ने वोडाफोन आइडिया के शेयरों को खरीदने की अपनी सलाह बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 17 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि इस शेयर में तूफानी तेजी आ सकती है। 20 अगस्त को वोडाफोन आडिया के शेयर का प्राइस 2 बजे 0.71 फीसदी गिरकर 13.97 रुपये पर चल रहा था।
सब्सक्राइबर को लेकर दिख रहा पॉजिटिव ट्रेंड
सिटी ने वोडाफोन आइडिया पर अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी के सब्सक्राइबर्स को लेकर पॉजिटिव ट्रेंड दिखा है। कंपनी के एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) से यह संकेत मिलता है कि वोडाफोन आइडिया ने अपने नेटवर्क में जो निवेश किया है, उसका फायदा अब मिल रहा है। कस्टमर एक्विजिशन बेहतर हुआ है। कंपनी की मुनाफा कमाने की क्षमता में भी इम्प्रूवमेंट दिख रहा है।
कंपनी को मिल रहा प्रमोटर्स का सपोर्ट
वोडाफोन आइडिया के मैनेजमेंट के साथ हुई चर्चा के बाद सिटी ने कुछ खास बातें बताई हैं। उसने कहा है कि बातचीत में सबसे ज्यादा चर्चा फंड जुटाने की कंपनी की कोशिशों, नेटवर्क रोलआउट की रफ्तार, सब्सक्राइबर रिकवरी और एआरपीयू मेंऑर्गेनिक ग्रोथ की संभावनाओं पर हुई। कंपनी का मैनेजमेंट फंड जुटाने की लगातार कोशिश कर रहा है। कंपनी को प्रमोटर्स का भी सपोर्ट मिल रहा है। कंपनी को हाल में एडजस्टेड ग्रॉस रिकवरी (AGR) के बकाया पर बड़ी राहत मिली है।
कंपनी के एआरपीयू में अच्छा इजाफा
विदेशी ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि वोडाफोन आइडिया के मैनेजमें को जल्द फंड जुटा लेने का भरोसा है। सिटी ने वोडाफोन आइडिया की बेहतर हो रही स्थिति के बारे में भी बताया है। कंपनी का ARPU जून तिमाही में बढ़कर 195 रुपये हो गया। मार्च तिमाही में यह 177 रुपये था। साल दर साल आधार पर भी एआरपीयू 10.2 फीसदी बढ़ा है। कंपनी के सब्सक्राइबर्स की संख्या जून के अंत में 19.31 करोड़ थी। वोडाफोन में आइडिया के विलय के बाद यह पहली तिमाही थी, जब सब्सक्राइबर्स की संख्या में इजाफा देखने को मिला।
बीते एक साल में 105 फीसदी चढ़ा शेयर
वोडाफोन आइडिया की बेहतर हो रही वित्तीय स्थिति का असर इसके शेयरों पर देखने को मिला है। बीते एक साल में शेयर की कीमत दोगुनी से ज्यादा हो गई है। इस दौरान शेयर 105 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। उधर, शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों निफ्टी और सेंसेक्स का रिटर्न इस दौरान निगेटिव रहा है। वोडाफोन आइडिया अभी देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। पहले नंबर पर रिलायंस जियो है। दूसरे नंबर पर भारती एयरटेल है। अब देश में सिर्फ तीन बड़ी प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां रह गई हैे।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।