टेलिकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 12 जून को दिन में 6.4 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 15.09 रुपये के हाई तक गया। बाद में 5 प्रतिशत बढ़त के साथ 14.90 रुपये पर सेटल हुआ। तेजी की वजह आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला का एक बयान और ₹4730 करोड़ का फंडिंग प्लान है। उन्होंने शेयरहोल्डर्स को भरोसा दिलाया है कि वोडाफोन आइडिया अपने इतिहास के सबसे मुश्किल दौरों में से एक से बाहर निकल चुकी है। बिड़ला ने कहा कि ऑपरेशंस, कस्टमर सर्विस और नेटवर्क विस्तार जैसे सभी क्षेत्रों में कंपनी अपने लक्ष्यों पर फोकस कर रही है। इसके लिए अनुशासित तरीके से काम किया जा रहा है।
गुरुवार को असाधारण आम बैठक (EGM) में वोडाफोन आइडिया के शेयरहोल्डर्स ने कंपनी में आदित्य बिड़ला ग्रुप की ओर से 4,730 करोड़ के निवेश को मंजूरी दे दी। यह निवेश वॉरंट के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी में आदित्य बिड़ला ग्रुप की हिस्सेदारी 9.6 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 13 प्रतिशत हो जाएगी। वहीं ग्रुप और वोडाफोन पीएलसी की संयुक्त हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 28.5 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। फिलहाल वोडाफोन आइडिया में सरकार की हिस्सेदारी 49 प्रतिशत है। वॉरंट्स के पूरी तरह कन्वर्ट होने के बाद यह घटकर करीब 47 प्रतिशत रह जाएगी।
Vodafone Idea जारी करेगी 430 करोड़ से ज्यादा वॉरंट
प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के तहत वोडाफोन आइडिया आदित्य बिड़ला ग्रुप की ही एक और एंटिटी सूर्यजा इनवेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड को 430 करोड़ से ज्यादा वॉरंट जारी करेगी। इन्हें 11 रुपये प्रति वॉरंट की कीमत पर जारी किया जाएगा। इन वॉरंट्स के जरिए प्रमोटर अगले 18 महीनों में वोडाफोन आइडिया में 4,730 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। EGM में बिड़ला ने कहा कि यह ट्रांजेक्शन कंपनी के लंबे समय के भविष्य और सभी शेयरहोल्डर्स के हितों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखने में आदित्य बिड़ला ग्रुप के भरोसे को फिर से पक्का करता है। जुटाई गई रकम का एक बड़ा हिस्सा नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होगा। करीब 1,730 करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) के लिए रखे गए हैं। वहीं, बाकी 3,000 करोड़ रुपये कर्ज कम करने में लगाए जाएंगे।
बिड़ला के मुताबिक, "अब पूरा ध्यान एग्जीक्यूशन पर है। ऑपरेशन्स, कस्टमर सर्विस और नेटवर्क विस्तार के मामले में कंपनी अनुशासन और मकसद के साथ अपनी प्राथमिकताओं पर काम कर रही है। नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और रोलआउट में लगातार किए गए निवेश के फायदे अब साफ तौर पर दिखने लगे हैं। ये बेहतर ऑपरेशनल परफॉर्मेंस और बेहतर कस्टमर एक्सपीरियंस के रूप में सामने आ रहे हैं।"
शेयर 3 महीनों में 55 प्रतिशत चढ़ा
शेयर में तेजी से वोडाफोन आइडिया का मार्केट कैप बढ़कर 1.61 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। 3 महीनों में शेयर की कीमत 55 प्रतिशत और एक साल में 120 प्रतिशत बढ़ चुकी है। एक महीने में यह 25 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। Vodafone Idea को कवर करने वाले 21 एनालिस्ट्स में से 3 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 8 की राय 'होल्ड' की है, जबकि 10 अब भी स्टॉक पर 'सेल' रेटिंग बनाए हुए हैं।
हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने दूरसंचार विभाग (DoT) की ओर से कंपनी और उसकी पूर्व सहयोगी स्पाइस कम्युनिकेशंस के खिलाफ जारी किए गए 2113 करोड़ रुपये के वन-टाइम स्पेक्ट्रम चार्ज की मांग को पूरी तरह से रद्द कर दिया। हाई कोर्ट ने इस विवाद के सिलसिले में दूरसंचार विभाग के पास जमा कराई गई बैंक गारंटियों को भी तुरंत वापस करने का आदेश दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।