बाजार में निचले स्तरों से रिकवरी आती दिख रही है। निफ्टी 18200 के ऊपर टिकने की कोशिश में है। आज के कारोबार में बाजार को मेटल, FMCG और ऑटो शेयर सहारा दे रहे हैं। हालांकि रियल्टी और IT दबाव बना रहे हैं। PSU बैंकों का लगातार छठे दिन बाजार में जलवा बरकरार है। यूको बैंक 5 दिनों में करीब 40 फीसदी चला है। IOB,यूनियन बैंक और सेंट्रल बैंक में भी जोश देखने को मिल रहा है। अब ऐसे में आइए ये जानने की कोशिश करते हैं कि बाजार की आगे की चाल कैसी रह सकती है और किन शेयरों और सेक्टरों में कमाई हो सकती है। ये बताने के लिए आज BIG MARKET VOICES सेग्मेंट में सीएनबीसी-आवाज़ के साथ जुड़े हैं Max Life Insurance के डायरेक्ट और CIO मिहिर वोरा।
घरेलू बाजार को लेकर इस समय रवैया न्यूट्रल
बाजार में इस समय आप खरीदारी करेंगे या मुनाफा वसूली करेंगे इस सवाल का जवाब देते हुए मिहिर वोरा ने कहा कि घरेलू बाजार को लेकर इस समय उनका रवैया न्यूट्रल है। डोमेस्टिक मार्केट में रिवाइवल के संकेत तो हैं लेकिन ग्लोबल संकोत अच्छे नहीं हैं। ग्लोबल लेवल पर लिक्विडिटी, महंगाई, ब्याज में दरों में बढ़त की चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं। ऐसे में भारतीय बाजार में हमारे लिए एक वेट एंड वॉच जैसी स्थिति है जिसमें न हम ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं और न ज्यादा बिकवाली कर रहे हैं।
बैंकिग और फाइनेंशियल शेयर काफी अच्छे
6 महीने या साल भर में कहां बन सकता है पैसा? इस सवाल का जवाब देते हुए मिहिर वोरा ने कहा कि बैंकिग और फाइनेंशियल शेयर काफी अच्छे नजर आ रहे हैं। दूसरी तिमाही में इस सेक्टर के नतीजे काफी अच्छे रहे हैं। इस सेक्टर के शेयरों के वैल्यूएशन भी इस समय कोविड -19 के पहले की तुलना में काफी कम हैं। इसके अलावा, इंफ्रा, कैपिटल गुड्स और डिफेंस सेक्टर में अगले 3-5 साल के नजरिए से काफी उम्मीद नजर आ रही है। मिहिर का मानना है कि सरकार की PLI स्कीम, स्वदेशीकरण और आत्मनिर्भरता पर फोकस, विकास और विस्तार पर सरकारी और निजी कंपनियों के बढ़ते निवेश से इंफ्रा, कैपिटल गुड्स और डिफेंस सेक्टर को काफी फायदा होगा।
सीमेंट सेक्टर को लेकर न्यूट्रल
सीमेंट सेक्टर को लेकर मिहिर न्यूट्रल हैं। लेकिन उनका ये भी कहना है कि सीमेंट शेयरों में थोड़ी गिरावट आने पर इनमें खरीदारी की जा सकती है। फिलहाल अभी मुनाफा वसूली कर लें।
ऑटो में पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल वाली कंपनियां हैं पसंद
इसके आलावा मिहिर वोरा को ऑटो में पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल वाली कंपनियां पसंद हैं। उनका मानना है कि ऑटो को पेंटअप डिमांड और शादियों के सीजन से फायदा मिलेगा। अगले 2 साल ऑटो की अच्छी डिमांड संभव है। ऐसे में ऑटो शेयरों में तेजी की उम्मीद है। करेक्शन के बाद फिनटेक कंपनियों में भी मिहिर को निवेश के मौके दिख रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।