गांवों और अर्द्ध-शहरी इलाकों में ग्राहकों को लोन बांटने वाली ESAF Small Finance Bank की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। पहले दिन आईपीओ निवेशक करीब 15 फीसदी मुनाफे में हैं। कुछ एनालिस्ट्स ने फटाफट मुनाफा बुक करने की सलाह दी है क्योंकि उनका मानना है कि इसमें तेजी की गुंजाइश सीमित ही है लेकिन कुछ एनालिस्ट्स इसे लॉन्ग टर्म तक होल्ड करने की सलाह दे रहे हैं। शेयरों की बात करें तो 60 रुपये का यह शेयर बीएसई पर 71.90 रुपये यानी 19.83 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुआ था। इंट्रा-डे में यह 74.70 रुपये की ऊंचाई तक पहुंचा था और मुनाफावसूली के चलते दिन के आखिरी में थोड़ा नरम होकर 69.05 रुपये (ESAF Small Finance Bank Share Price) पर बंद हुआ।
ESAF Small Finance Bank पर ब्रोकरेज का क्या है रुझान
ब्रोकरेज फर्म मेहता इक्विटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत तापसे के मुताबिक पियर्स के मुकाबले इसका आईपीओ सही भाव पर था जिसके चलते मार्केट में इतनी धांसू एंट्री हुई। हालांकि उन्होंने निवेशकों को मुनाफा निकालने की सलाह दी है क्योंकि उन्हें इसके शेयरों में सीमित उछाल का रुख दिख है। वहीं दूसरी तरफ स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट श्रेयांश शाह के मुताबिक बैंक का फोकस गांवों और अर्द्ध-शहरी इलाकों में है, जहां ग्रोथ की काफी गुंजाइश है। इसके अलावा कस्टमर-सेंट्रिक प्रोडक्ट और हाई कस्टमर रिटेंशन के चलते इसका कारोबार मजबूत दिख रहा है। ऐसे में श्रेयांश ने निवेशकों को इसमें मीडियम से लॉन्ग टर्म के लिए निवेश बनाए रखने की सलाह दी है। स्वास्तिक इनवेस्टमार्ट की हेड (वेल्थ) शिवानी न्याति ने निवेशकों को 60 रुपये पर स्टॉप लॉस लगाने की सलाह दी है लेकिन मीडियम से लॉन्ग टर्म निवेशकों को इसे होल्ड करने की सलाह दी है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
ESAF SFB के 463 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई है। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल बैंक के टियर-1 कैपिटल बेस को बढ़ाने और कारोबार को बढ़ाने में होगा। बैंक के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 452 फीसदी उछलकर 302.33 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसेट क्वालिटी का बात करें तो जून 2024 तिमाही में इसका ग्रॉस एनपीए इस दौरान 4.51 फीसदी गिरकर 1.65 फीसदी और नेट एनपीए 2.97 फीसदी गिरकर 0.81 फीसदी पर आ गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।