विलय के बाद एचडीएफसी (HDFC) के शेयरहोल्डर्स को एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के जो शेयर जारी हुए हैं, उनकी आज सोमवार को लिस्टिंग के बाद बैंक का मार्केट कैप 10 हजार करोड़ डॉलर से अधिक पहुंच गया। इस प्रकार यह दुनिया भर के लेंडर्स की उस सूची में शुमार हो गया जिनका मार्केट कैप 100 बिलियन डॉलर यानी 10 हजार करोड़ डॉलर से अधिक है। यह 12,55,005.32 रुपये यानी 15283 करोड़ डॉलर पर ट्रेड हो रहा है जो मॉर्गन स्टैनले और बैंक ऑफ चाइना से अधिक है। फिलहाल सबसे अधिक मार्केट कैप वाले लेंडर्स की सूची में दुनिया भर में यह सातवें स्थान पर है। इसके शेयर अभी बीएसई पर 1.17 फीसदी की तेजी के साथ 1664.50 रुपये (HDFC Bank Share Price) पर ट्रेड हो रहे हैं।
HDFC Bank के आगे कौन-कौन की कंपनियां हैं
कंपनीजमार्केटकैप पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक टॉप मार्केट कैप वाले लेंडर्स की सूची में अमेरिका का जेपीमॉर्गन चेज टॉप पर है। इसका मार्केट कैप 43767 करोड़ डॉलर है। इसके बाद 23198 करोड़ डॉलर के साथ बैंक ऑफ अमेरिका दूसरे, 22401 करोड़ डॉलर के मार्केट कैप के साथ चीन का आईसीबीसी तीसरे, 17081 करोड़ डॉलर के मार्केट कैप के साथ एग्रीकल्चरल बैंक ऑफ चाइना चौथे, अमेरिका का वेल्स फार्गो 16344 करोड़ डॉलर के मार्केट कैप के साथ पांचवे और 15961 करोड़ डॉलर के मार्केट कैप के साथ ब्रिटेन छठे स्थान पर है। फिर एचडीएफसी का नंबर है।
कितने शेयर बढ़े हैं बैंक के
4 हजार करोड़ डॉलर की डील के तहत एचडीएफसी बैंक ने अपनी पैरेंट कंपनी एचडीएफसी के कारोबार का अधिग्रहण कर लिया। यह विलय 1 जुलाई को प्रभावी हो गया था लेकिन नए शेयर आज लिस्ट हुए हैं। एचडीएफसी के शेयरों की खरीद-बिक्री 13 जुलाई को बंद हो गई थी। 12 जुलाई इस विलय के लिए रिकॉर्ड डेट थी। शुक्रवार को बैंक ने 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3,11,03,96,492 नए इक्विटी शेयर जारी किए थे। विलय सौदे के तहत एचडीएफसी के शेयरहोल्डर्स को 25 शेयरों के बदले में एचडीएफसी बैंक के 42 शेयर मिले हैं। इस प्रकार बैंक का पेड-अप शेयर कैपिटल 559,17,98,806 शेयरों से बढ़कर 753,75,69,464 पर पहुंच गया।
ब्रोकरेज ने निवेश के लिए दिया यह टारगेट
जेफरीज ने एचडीएफसी बैंक पर खरीदारी की रेटिंग दी है। इसके शेयर का लक्ष्य उन्होंने 2100 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक बैंक अब शानदार ग्रोथ और प्रॉफिटेबिलिटी के साथ दुनिया के सबसे बड़े बैंकों में से एक है। FY23-26 में इसका मुनाफा 17% की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।