ज्वैलरी, चश्मे और घड़ियां बेचने वाली दिग्गज कंपनी टाइटन (Titan) अपनी सब्सिडियरी कैरेटलेन (CaratLane) में अपनी हिस्सेदारी और बढ़ाने वाली है। इसे लेकर टाइटन के शेयरों की खरीदारी बढ़ गई और आज इंट्रा-डे में इसके भाव करीब 1 फीसदी उछल गए। कैरटलेन में पहले ही इसकी हिस्सेदारी 71.09 फीसदी थी और अब यह अपनी हिस्सेदारी को 98.28 फीसदी तक ले जाएगी। इसे लेकर शेयर पर्चेज एग्रीमेंट भी हो चुका है। इस खरीदारी को लेकर ब्रोकरेज भी काफी उत्साहित हैं और पैसे लगाने की सलाह दी है। अब आज शेयरों के चाल की बात करें तो इंट्रा-डे में यह 1.05 फीसदी उछलकर 3081.20 रुपये पर पहुंच गया था। मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई और दिन के आखिरी में 0.95 फीसदी की तेजी के साथ 3078 रुपये (Titan Share Price) पर बंद हुए।
