Utkarsh SFB Share Price: पिछले हफ्ते शुक्रवार को उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक (Utkarsh Small Finance Bank) ने एंट्री मारी थी। अब दो ही दिन में आईपीओ निवेशकों की पूंजी इसने दोगुने से अधिक बढ़ा दी है। उत्कर्ष फाइनेंस बैंक के शेयर आईपीओ निवेशकों को 25 रुपये के भाव पर जारी हुए थे और आज इंट्रा-डे में यह बीएसई पर 17 फीसदी से अधिक उछलकर 56.30 रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि मुनाफावसूली के चलते भाव में सुस्ती आई और भाव थोड़ा नीचे आया लेकिन अभी भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। इसके शेयर आज बीएसई पर 6.78 फीसदी की बढ़त के साथ 51.19 रुपये (Utkarsh Share Price) पर बंद हुए हैं यानी कि आईपीओ निवेशक करीब 105 फीसदी फायदे में हैं। वहीं इंट्रा-डे में तो वे 125 फीसदी मुनाफे में पहुंच गए थे।
ग्रॉस लोन पोर्टफोलियो के मामले में उत्कर्ष एसएफबी तीसरा सबसे बड़ा स्मॉल फाइनेंस बैंक है। वित्त वर्ष 2019-23 में इसका ग्रॉस लोन पोर्टफोलियो 31 फीसदी की सीएजीआर से बढ़कर 14 हजार करोड़ रुपये पर पहुंच गया। अब आगे इसके शेयरों में निवेश की स्ट्रैटेजी को लेकर बात करें तो घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता के मुताबिक महज एक महीने में यह शेयर 80 रुपये तक पहुंच सकता है यानी आज के क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से यह 56 फीसदी और ऊपर चढ़ सकता है। हालांकि 38 रुपये के लेवल पर स्टॉप लॉस जरूर लगाएं।
Utkarsh SFB IPO को मिला था दमदार रिस्पांस
उत्कर्ष एसएफबी का 500 करोड़ रुपये का आईपीओ 12-14 जुलाई के बीच खुला था। ओवरऑल यह इश्यू 110.77 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) का हिस्सा 135.71 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 88.74 गुना और खुदरा निवेशकों का आरक्षित हिस्सा 78.38 गुना भरा था। एंप्लॉयीज का हिस्सा 18.02 गुना सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के जरिए इस बैंक ने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 20 करोड़ नए शेयर जारी किए हैं। इसके जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल टियर-1 कैपिटल बेस को बढ़ाने और इश्यू से जुड़े खर्चों को पूरा करने में होगा। मार्च 2023 के आंकड़ों के मुताबिक बैंक का टियर-1 कैपिटल बेस 1,844.82 करोड़ रुपये यानी 18.25 फीसदी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।