Sun TV Shares: सन टीवी नेटवर्क के शेयरों पर आज दिसंबर तिमाही के कारोबारी नतीजों ने ऐसा दबाव बनाया कि यह 6 फीसदी से अधिक टूट गया। दिसंबर तिमाही में कंपनी के ऐड रेवेन्यू में गिरावट आई और मार्जिन पर काफी दबाव रहा। ऐसे में आज शेयरों पर भी दबाव दिखा। इंट्रा-डे में बीएसई पर यह 6.53 फीसदी फिसलकर 590.00 रुपये पर आ गया। निचले स्तर पर खरीदारी तो हुई लेकिन अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 4.26 फीसदी की गिरावट के साथ 604.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। ब्रोकरेज फर्मों के रुझान के मुताबिक इस गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देखना चाहिए। पिछले साल 20 मार्च 2024 को यह एक साल के निचले स्तर ₹567.65 और 9 अगस्त 2024 को एक साल के हाई ₹921.60 पर था।
