शेयर बाजार में 4 दिसंबर को तूफानी तेजी रही। निफ्टी 50 (Nifty 50) और निफ्टी बैंक (Nifty Bank) रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। दोनों सूचकांकों में अक्टूबर 2022 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त देखने को मिली। शानदार बढ़ोतरी के साथ बाजार खुलने के बाद यह तेजी कारोबार के दौरान भी कायम रही और शेयर बाजार ने तीन अहम राज्यों में बीजेपी की जीत का जश्न मनाया।
एक्सिस सिक्योरिटीज (Axis Securities) के एमडी ( MD)और सीईओ (CEO) प्रणव हरिदासन का कहना था, ' मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के नतीजों के बाद बाजार में जश्न का माहौल है, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मौजूदा सरकार की जीत की संभावनाएं बढ़ गई हैं। हमारा मानना है कि निकट भविष्य में बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी बनी रहेगी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ के आंकड़े और ब्याज दरों में स्थिरता भी बाजार को सहारा देंगे।'
निफ्टी (Nifty) सूचकांक 4 दिसंबर को 2.1 पर्सेंट यानी 419 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 20,687 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी बैंक (Nifty Bank) 3.61 पर्सेंट ऊपर यानी 1,617 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 46,431 पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान दोनों सूचकांक क्रमशः 20,702.65 और 46,484.45 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए।
स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च हेड मनीष चौधरी ने बताया, 'बीजेपी की छवि आर्थिक सुधारों के समर्थक के तौर पर रही है और कोविड के दौरान अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन की वजह से निवेशकों को यह भरोसा मिला है कि दक्षिणपंथी सरकार लॉन्ग टर्म में बाजार के लिए फायदेमंद है।' निफ्टी 50 की बढ़त में HDFC बैंक, ICICI बैंक, इंडसइंड बैंक, SBI, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के गौतम दुग्गड़ का मानना है कि फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में तेजी इसलिए रही, क्योंकि वैल्यूएशंस काफी आकर्षक थे।
एमके वेंचर्स (MK Ventures) के मधुसूदन केला (Madhusudan Kela) ने भी इस राय से सहमति जताई। उनका कहना था कि फाइनेंशियल सेक्टर में संभावना है, क्योंकि इसने पिछले 12-18 महीनों में बाजार की तेजी में सही तरीके से भागीदारी नहीं की है। निफ्टी 50 के जिन बाकी शेयरों की परफॉर्मेंस शानदार रही, उनमें आयशर मोटर्स (Eicher Motors), अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (Adani Ports and Special Economic Zone),BPCL,L&T आदि शामिल हैं।