Ola Electric Share Price: ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों ने जोरदार वापसी की है। आज के इंट्रा-डे हाई के हिसाब से तो रिकॉर्ड निचले स्तर से यह 71% से अधिक रिकवर हो चुका है जिसमें से 26% से अधिक तेजी तो महज दो दिनों में आई है। कंपनी के शेयरों में यह तेजी 7 अप्रैल को एक ऐलान के चलते है जिसमें कंपनी ने अपने खुद के बनाए हुए 46100 एलएफपी सेल के तैयार होने का ऐलान किया। इससे पहले मार्च महीने में बिक्री के जोरदार आंकड़ों पर संभले शेयरों को और सपोर्ट मिला और रॉकेट बन गया। आज की बात करें तो बीएसई पर यह 20% के उछाल के साथ ₹36.34 के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ।
क्या ऐलान किया Ola Electric ने?
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में इसकी LFP (लीथियन आयरन फॉस्फेट) सेल ने चाभी भरी है जिसे इसने खुद डेवलप किया है। यह इसकी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और फुल-स्टैक एनर्जी इकोसिस्टम को बनाने के मिशन में अहम माइलस्टोन है। ओला की वर्टिकली इंटीग्रेटेड बैट्री इनोवेशन कोशिशों के तहत डेवलप किया गया यह 46100 फॉर्मेट एलएफपी सेल मौजूदा एनएमसी 4680 भारत सेल से बड़ा है।
कंपनी का मानना है कि इसकी मदद से कंपनी के प्रोडक्ट्स सस्ते होंगे और देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को अपनाने में तेजी आएगी। ओला इलेक्ट्रिक के प्रोडक्ट्स में यह अगली तिमाही से शामिल होना शुरू हो जाएगा। अभी इसके 4680 भारत सेल से चलने वाली हजारों गाड़ियां सड़कों पर चल रही हैं। कंपनी ने 46100 एलएफपी सेल का ऐलान ऐसे समय में शुरू किया है, जब ओला इलेक्ट्रिक के गीगाफैक्ट्री की क्षमता लगातार बढ़ रही है जिसकी क्षमता को मौजूदा 2.5 GWh से बढ़ाकर 6 GWh किया जा रहा है। कंपनी के सेल्स की बात करें तो मार्च महीने में इसकी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन मासिक आधार पर 150% से अधिक बढ़कर 3,973 यूनिट्स से 10,117 यूनिट्स पर पहुंच गया।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों घरेलू स्टॉक मार्केट में 9 अगस्त 2024 को एंट्री हुई थी। इसके ₹6146 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹76 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। कमजोर एंट्री के बाद इसने रफ्तार पकड़ी और फिर रॉकेट की स्पीड से कुछ ही दिनों बाद 20 अगस्त 2024 को यह ₹157.53 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि फिर शेयरों पर ऐसा दबाव बना कि यह फिसलता ही गया और उठा-पटक के साथ ही पिछले महीने 2 मार्च 2026 को ₹21.21 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया जोकि रिकॉर्ड हाई से 86.54% डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।