Wipro Q3 Result: 7% गिरा विप्रो का मुनाफा, डिविडेंड का भी ऐलान, चेक करें रिकॉर्ड डेट

Wipro Q3 Result: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो का चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में सालाना और तिमाही, दोनों आधार पर मुनाफा घटा है। हालांकि कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है। नतीजे के साथ-साथ कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है। चेक करें कंपनी के कारोबारी नतीजे की खास बातें और डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट

अपडेटेड Jan 16, 2026 पर 5:23 PM
Story continues below Advertisement
दिसंबर 2025 तिमाही के कारोबारी नतीजे के साथ Wipro ने ₹2 की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹6 के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है जिसकी रिकॉर्ड डेट 27 जनवरी 2026 फिक्स की गई है।

Wipro Q3 Result: दिसंबर 2025 तिमाही आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो के लिए मिली-जुली रही। चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹3,119 करोड़ का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जोकि तिमाही आधार पर 4% और सालाना आधार पर 7% कम रहा। हालांकि कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है। कारोबारी नतीजे के साथ कंपनी ने ₹2 की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹6 के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है जिसकी रिकॉर्ड डेट 27 जनवरी 2026 फिक्स की गई है। शेयरों की बात करें तो कारोबारी नतीजे आने के पहले आज बीएसई पर यह 2.73% की बढ़त के साथ ₹267.25 पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में तो यह 3.71% उछलकर ₹269.80 तक पहुंच गया था।

Wipro Q3 Result: खास बातें

दिसंबर 2025 तिमाही में विप्रो को ₹3119 करोड़ का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जोकि सालाना आधार पर 7% और तिमाही आधार पर 4% कम रहा। इसे नए लेबर कोड्स से झटका लगा। कंपनी का कहना है कि लेबर कोड में बदलाव को एडजस्ट करने के बाद कंपनी की नेट इनकम दिसंबर 2025 तिमाही में ₹3,360 करोड़ रही जोकि सालाना आधार पर 0.3% और तिमाही आधार पर 3.6% अधिक रही। आईटी सर्विसेज बिजनेस से कंपनी को ₹23,378 करोड़ का रेवेन्यू हासिल हुआ जोकि तिमाही आधार पर 3.3% अधिक रहा। कॉन्स्टैंट करेंसी टर्म में कंपनी का आईटी सर्विसेज रेवेन्यू तिमाही आधार पर 1.4% बढ़ा लेकिन तिमाही आधार पर इसमें 1.2% की गिरावट आई।


ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो विप्रो के लिए दिसंबर 2025 तिमाही मिली-जुली रही। कंपनी का आईटी सर्विसेज ईबीआईटी ₹3,573.5 करोड़ रहा तो ईबीआईटी मार्जिन गिरकर 15.3% पर आ गया। तिमाही आधार पर विप्रो के ईबीआईटी में 5.5% की गिरावट आई और मार्जिन 16.7% से नीचे फिसल गया। हालांकि आईएफआरएस के तहत विप्रो का आईटी सर्विसेज ऑपरेटिंग मार्जिन 17.6% रहा जोकि तिमाही आधार पर 90 बेसिस प्वाइंट्स की तेजी आई और सालाना आधार पर इसमें हल्का सुधार दिखा।

डील एक्टिविटी की बात करें तो दिसंबर तिमाही में यह स्थिर बनी रही और टोटल डील बुकिंग्स करीब $330 करोड़ रही जबकि लॉर्ज डील बुकिंग्स करीब $90 करोड़ रही। ऑपरेटिंग कैश फ्लो ₹4,259 करोड़ के मजबूत लेवल पर रहा जोकि इसकी नेट इनकम के 135.4% के बराबर है।

मार्च 2026 तिमाही यानी चालू वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही को लेकर कंपनी का अनुमान है कि इसका आईटी सर्विसेज रेवेन्यू $264 करोड़-$269 करोड़ रह सकता है जोकि कॉन्स्टैंट करेंसी टर्म में तिमाही आधार पर 0-2% अधिक रह सकता है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

विप्रो के शेयर पिछले साल 23 जनवरी 2025 को ₹324.55 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह तीन ही महीने में 30.66% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को ₹225.05 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

Infosys रॉकेट, रिजल्ट के बाद अमेरिका से लेकर भारतीय मार्केट तक धमाल, अब शेयरों के लिए अपनाएं यह स्ट्रैटेजी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।