Wipro Share Price: विप्रो के मार्च तिमाही के कमजोर नतीजों का असर उसके शेयरों पर दिखा। 17 अप्रैल को कंपनी के शेयर में गिरावट देखने को मिली। सुबह में शेयर कमजोर खुले। एक समय शेयर 4 फीसदी तक नीचे था। हालांकि, बाद में यह थोड़ा संभला। 11:22 बजे यह शेयर 2.83 फीसदी गिरकर 204 रुपये पर चल रहा था। कंपनी का शेयर 16 अप्रैल को 210 रुपये पर बंद हुआ था।
कंपनी ने 16 अप्रैल को बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया
Wipro ने 16 अप्रैल को शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया था। मार्च तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 1.89 फीसदी गिरकर 3,501.8 करोड़ रुपये रहा। खास बात यह है कि कंपनी ने आगे के लिए भी कमजोर गाइडेंस दिया है। कंपनी के सीईओ और एमडी श्रीनिवास पालिया ने अर्निंग्स कॉल में कमजोर प्रदर्शन की वजह बताई। उन्होंने कहा कि जियोपॉलिटिकल और पॉलिसी डिस्परप्शन का असर कारोबारी माहौल पर पड़ा है।
कंपनी ने शेयर बायबैक के लिए 250 रुपये की कीमत तय की
Wipro ने 16 अप्रैल को 15,000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक प्रोग्राम का ऐलान किया। इसके तहत कंपनी अपने 5 फीसदी से ज्यादा या 60 करोड़ तक शेयर शेयरहोल्डर्स से खरीदेगी। कंपनी ने इसके लिए 250 रुपये प्रति शेयर की कीमत का ऐलान किया है। इस बायबैक प्रोग्राम में प्रमोटर्स और प्रमोटर्स ग्रुप पार्टिसिपेट करेंगे। शेयर बायबैक के लिए तय कीमत 16 अप्रैल को शेयर के क्लोजिंग प्राइस से करीब 19 फीसदी ज्यादा है।
शेयर बायबैक का आपके लिए क्या है मतलब?
शेयर बायबैक प्रोग्राम के तहत कंपनी शेयरहोल्डर्स से अपने शेयर खरीदती है। इससे सर्कुलेशन में कुल शेयरों की संख्या घट जाती है। इससे सर्कुलेशन में बचे शेयरों की वैल्यू बढ़ जाती है। कंपनी शेयर बायबैक प्रोग्राम के तहत शेयर की ज्यादा कीमत तय करती है। इससे शेयरहोल्डर्स को बायबैक में पार्टिसिपेट करना फायदेमंद लगता है। विप्रो ने अभी शेयर बायबैक के लिए रिकॉर्ड डेट का एलान नहीं किया है।
विप्रो के शेयरहोल्डर्स को क्या करना चाहिए?
सवाल है कि कमजोर नतीजों के बाद Wipro के शेयरहोल्डर्स को क्या करना चाहिए? ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने विप्रो के शेयरों को होल्ड करने की सलाह दी है। उसने 17 अप्रैल की अपनी रिसर्च रिपोर्ट में विप्रो के शेयरों के लिए टारगेट प्राइस 200 रुपये बताया है। उसने कहा है विप्रो के शेयर की वैल्यू FY28 की अनुमानित 14 रुपये की अर्निंग्स प्रति शेयर की 14 गुना है। इस आधार पर शेयर का टारगेट प्राइस 200 रुपये आता है। विप्रो देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में से एक है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।