Yaashvi Jewellers IPO Listing: गोल्ड ज्लैवरी बनाने वाली याश्वी ज्वैलर्स के शेयरों की आज BSE SME पर एकदम फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 5 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹83 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹83.00 पर ही एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। लिस्टिंग के बाद शेयरों ने ऊपर जाने की कोशिश की। उछलकर यह ₹86.40 (Yaashvi Jewellers Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 4.10% मुनाफे में हैं।
Yaashvi Jewellers IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
याश्वी ज्वैलर्स का ₹44 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 25-27 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 5.64 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 3.40 गुना और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 1.76 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 52,86,400 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹21.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, ₹11.00 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Yaashvi Jewellers के बारे में
दिसंबर 2016 में बनी याश्वी ज्वैलर्स गोल्ड ज्वैलरी बनाती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में 9K, 14K, 18K, 20K, और 22K के गोल्ड ज्वैलरी हैं। इसका कारोबार बी2बी और बी2सी दोनों सेगमेंट में है और अभी हाल ही में इसने अपनी खुदरा उपस्थिति बढ़ाई है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024 में इसे ₹1.96 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2025 में उछलकर ₹11.28 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2026 में ₹18.28 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 49% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹449.74 करोड़ पर पहुंच गई। मार्च 2026 के आखिरी में कंपनी पर ₹65.36 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹31.15 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।