यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज लिमिटेड के शेयरों में 17 सितंबर को दिन में 8 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। बीएसई पर शेयर ने 52 सप्ताह का नया हाई 1,065.05 रुपये क्रिएट किया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 10000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। दरअसल ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी इनवेस्टर 'एडवेंट इंटरनेशनल' कंपनी में 3,150 करोड़ रुपये की प्राइमरी कैपिटल लगाने वाली है। इसके लिए डेफिनिटिव एग्रीमेंट साइन हो गया है। ट्रांजेक्शन के पूरा होने पर एडवेंट के यथार्थ हॉस्पिटल्स में 24.9 प्रतिशत की माइनॉरिटी हिस्सेदारी हासिल करने की उम्मीद है।
इस निवेश के बाद यथार्थ हॉस्पिटल की प्रमोटर त्यागी फैमिली कंपनी की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बनी रहेगी। 2008 में शुरू हुई यथार्थ हॉस्पिटल्स ने उत्तर भारत में हेल्थकेयर का एक बड़ा नेटवर्क बनाया है। यथार्थ के 9 मल्टी-स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल हैं, जिनमें लगभग 2,800 बेड हैं। कुल घोषित क्षमता लगभग 3,250 बेड की है।
3150 करोड़ के शेयर और वॉरंट किए जाएंगे जारी
यथार्थ हॉस्पिटल ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि वह साइप्रस की रसमलाई लिमिटेड को प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर प्रिफरेंशियल इश्यू के जरिए 31,50,00,02,910.60 रुपये (3150 करोड़ रुपये) के इक्विटी शेयर और वॉरंट जारी करेगी। स्पेशल पर्पस व्हीकल (SPV) रसमलाई लिमिटेड का एडवेंट इंटरनेशनल भारत में अपने हेल्थकेयर इनवेस्टमेंट्स को रूट करने के लिए करती है। प्रपोजल पर बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी है लेकिन शेयरहोल्डर्स की मंजूरी समेत अन्य जरूरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है।
यथार्थ हॉस्पिटल, रसमलाई लिमिटेड को 10 रुपये फेस वैल्यू के 1,30,26,516 तक फुली पेड अप इक्विटी शेयर जारी करेगी। फ्लोर प्राइस 984.70 रुपये प्रति सब्सक्रिप्शन सिक्योरिटी और इश्यू प्राइस या सब्सक्रिप्शन प्राइस 985.17 रुपये प्रति सब्सक्रिप्शन शेयर है। इस तरह 12,83,33,32,767.72 रुपये के शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही 1,89,47,664 तक वॉरंट जारी किए जाएंगे। वॉरंट के लिए सब्सक्रिप्शन प्राइस 985.17 रुपये प्रति वॉरंट है। इस तरह 18,66,66,70,142.88 रुपये के वॉरंट जारी होंगे।
Yatharth Hospital का शेयर 6 महीनों में 60 प्रतिशत चढ़ा
शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। यथार्थ हॉस्पिटल अगस्त 2023 में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 686.55 करोड़ रुपये का था। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 55.80 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक महीने में 20 प्रतिशत से ज्यादा और 6 महीनों में करीब 60 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 2 साल में कीमत 90 प्रतिशत और 3 साल में करीब 170 प्रतिशत चढ़ी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।