Yes Bank Shares: यस बैंक के शेयर सोमवार 8 अप्रैल को कारोबार के दौरान 1.5 फीसदी से अधिक गिर गए। स्टॉक ने कारोबार की शुरुआत हरे निशान के साथ की थी, लेकिन यह अपने बढ़त को बरकरार नहीं रख पाया और कुछ भी देर में लुढ़ककर लाल निशान में चला गया। Yes Bank के शेयरों में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब इसने हाल ही अपने मार्च तिमाही के नतीजे आने की तारीख के बारे में जानकारी दी। यस बैंक ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया, "बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की आगामी 27 अप्रैल 2024 को बैठक होगी। इस बैठक में मार्च तिमाही के नतीजों पर विचार किया जाएगा और उसे मंजूरी दी जाएगी।"
यस बैंक ने यह जानकारी शुक्रवार को शेयर बाजार का कारोबार खत्म होने के बाद थी। आज 8 अप्रैल को यस बैंक के शेयर इंट्राडे में 25.30 रुपये के स्तर तक गए। वहीं इसका निचला स्तर 24.75 रुपये रहा। दोपहर 11.30 बजे खबर लिखे जाने के समय, यस बैंक के शेयर एनएसई पर 1.59 फीसदी गिरकर 24.80 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
Yes Bank के शेयर के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो, पिछले एक साल में यस बैंक का शेयर 4.64 फीसदी बढ़ा है। वहीं इस साल की शुरुआत से अबतक इसमें करीब 9.49 फीसदी की तेजी आई है। जबकि पिछले एक साल में इसने 62.83 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है।
Yes Bank का Q4 में 22.5% बढ़ा डिपॉजिट
इससे पहले यस बैंक ने 3 अप्रैल को चौथी तिमाही के लिए अपना बिजनेस अपडेट जारी किया था। मार्च 2024 तिमाही में Yes Bank के लोन ग्रोथ में 5 फीसदी का सुधार देखा गया है। बैंक का लोन-एडवांस मार्च तिमाही में 2.28 लाख करोड़ रुपए रहा जो पिछले साल की इसी तिमाही में 2 लाख करोड़ रुपए था। अगर डिपॉजिट पर नजर डालें तो तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 10 फीसदी और सालाना आधार पर 22.5 की ग्रोथ है। बैंक डिपॉजिट मार्च तिमाही में 2.66 लाख करोड़ रुपए दर्ज किया गया।
बैंक के कासा (CASA-करेंट एंड सेविंग अकाउंट) की ग्रोथ सालाना आधार पर 23 फीसदी बढ़कर 82,315 करोड़ रुपए रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 66,903 करोड़ रुपए था। चौथी तिमाही में बैंक के टर्म डिपॉजिट में भी इजाफा हुआ है। लेकिन शेयरों को लेकर ब्रोकरेज फर्म का भरोसा घट गया है।