Bandhan Bank Share Price: बंधन बैंक के शेयर में 8 अप्रैल को 6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। दरअसल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने बंधन बैंक के शेयर के लिए रेटिंग को घटाकर 'बाय' से 'अंडरपरफॉर्म' कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस को 290 रुपये से घटाकर 170 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। बैंक ने 5 अप्रैल को बताया था कि वर्तमान मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ चंद्र शेखर घोष जुलाई की शुरुआत में अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद बंधन बैंक का साथ छोड़ देंगे। इसके घोषणा के बाद जेफरीज की ओर से रेटिंग और टारगेट प्राइस को कट किया गया है। नया टारगेट प्राइस बंधन बैंक शेयर के बीएसई पर 8 अप्रैल को बंद भाव 184.95 रुपये से 8 प्रतिशत कम है।
जेफरीज का कहना है कि फाउंडर-CEO घोष का इस्तीफा एक निगेटिव डेवलपमेंट है और इसकी उम्मीद नहीं थी। 8 अप्रैल को सुबह बैंक का शेयर बीएसई पर लाल निशान में 189.95 रुपये पर खुला। तुरंत ही इसमें पिछले बंद भाव से 9 प्रतिशत तक की गिरावट आई और यह 179.55 रुपये के लो को छू गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 6 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ 184.95 रुपये पर सेटल हुआ।
6 महीने में 20% नीचे आया शेयर
Bandhan Bank का मार्केट कैप वर्तमान में 29000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। पिछले 6 महीने में शेयर करीब 25 प्रतिशत और एक साल में 12 प्रतिशत नीचे आया है। बैंक के 60.02 प्रतिशत शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास और 39.98 प्रतिशत शेयर प्रमोटर्स के पास हैं।
बंधन बैंक ने शुरू की नए CEO की तलाश
मनीकंट्रोल के साथ एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में घोष ने कहा कि इस्तीफा देने का उनका फैसला वॉलंटरी है और बैंक ने नए CEO की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि वह पिछले लगभग एक साल से रिटायरमेंट लेने की सोच रहे थे। घोष 9 जुलाई को रिटायर होने वाले हैं। जेफरीज ने नए सीईओ की नियुक्ति को लेकर अनिश्चितता के बारे में चिंता व्यक्त की है। इस अनिश्चितता से संभावित रूप से धीमी वृद्धि और उच्च क्रेडिट लागत जैसे नतीजे सामने आ सकते हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।