Jay Kailash Namkeen IPO Listing: पैकेज्ड स्नैक्स बनाने वाली जय कैलाश नमकीन लिमिटेड की सोमवार 8 अप्रैल को शेयर बाजार में लिस्टिंग बढ़त के साथ हुई लेकिन तुरंत ही शेयर लाल निशान में आ गए। कंपनी के शेयर BSE SME पर 85 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए, जो कि IPO के अपर प्राइस बैंड 73 रुपये से 16.44 प्रतिशत ज्यादा है। लेकिन लिस्टिंग के तुरंत बाद ही जय कैलाश नमकीन के शेयर की कीमत 5 प्रतिशत तक फिसली और 80.75 रुपये पर लोअर सर्किट लग गया।
11.93 करोड़ रुपये का Jay Kailash Namkeen IPO 28 मार्च को खुला था और 3 अप्रैल को बंद हो गया। इसमें 16.34 लाख नए शेयर जारी हुए। IPO में प्राइस बैंड 70-73 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 1600 शेयरों का था। IPO कुल 40 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.32 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 68.93 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 50.99 गुना भरा।
Jay Kailash Namkeen Limited की शुरुआत साल 2021 में हुई। इसके प्रोडक्ट्स में चना जोर नमकीन, मसाला चना जोर, पुदीना चना, मसाला मूंग जोर, सादा मूंग जोर, सोया स्टिक्स, हल्दी चना, चना दाल, सेव मुरमुरा, लहसुन सेव मुरमुरा, भावनगरी गाठिया, चना दाल, सिंग भुजिया, पॉपकॉर्न, भुनी हुई मूंगफली आदि शामिल हैं। कंपनी के ग्राहक असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश से हैं। जय कैलाश नमकीन की प्रोडक्शन फैसिलिटी राजकोट, गुजरात में है और इसकी उत्पादन क्षमता 10 टन प्रति कार्य दिवस है।
Jay Kailash Namkeen की वित्तीय स्थिति
वित्त वर्ष 2023 में कंपनी का रेवेन्यू 5.31 प्रतिशत घटकर 9.87 करोड़ रुपये रहा था। वहीं इस दौरान शुद्ध मुनाफा 62.71 प्रतिशत बढ़कर 88.79 लाख रुपये दर्ज किया गया। अप्रैल-नवंबर 2023 की अवधि में जय कैलाशन नमकीन का रेवेन्यू 6.46 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 40.45 लाख रुपये रहा। Jay Kailash Namkeen के प्रमोटर नील नरेंद्रभाई पुजारा और तुलसी नील पुजारा हैं। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 71.82 प्रतिशत थी, जो आईपीओ के बाद घटकर 48.33 प्रतिशत पर आ गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।