Yes Bank Shares: यस बैंक के शेयरों में आज 1 अगस्त को लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली। कारोबार के अंत में कंपनी के शेयर 1.64 फीसदी की गिरावट के साथ 18.61 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले 5 दिनों में इस शेयर में 5.72 फीसदी की और पिछले एक महीने में करीब 8.91 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसका शेयर करीब 29 फीसदी टूट चुका है।
यस बैंक की गिनती देश के सबसे अधिक शेयरधारकों वाली कंपनियों में होती है। इसके शेयरधारकों की कुल संख्या 62 लाख के करीब है। जून तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक, बैंक की करीब 34.73 फीसदी हिस्सेदारी रिटेल निवेशकों के पास है। इसके चलते इस शेयर में रिटेल निवेशकों की काफी दिलचस्पी होती है।
हालांकि एक तथ्य यह भी है कि यस बैंक के शेयरों में काफी निवेशकों का पैसा फंसा हुआ है। कंपनी के शेयर अपने ऑलटाइम हाई से अभी भी करीब 95 प्रतिशत नीचे हैं। ऐसे में निवेशकों की नजरें इस बैंक के रिवाइल पर टिकी हैं। निवेशक जानना चाहते हैं कि उनके पास जो शेयर हैं, उन्हें वो अभी भी होल्ड करें या बेचकर निकल जाएं? या इसमें नई खरीदारी का कोई मौका है?
मुंबई के मनोज मूथड़ा ऐसे ही एक निवेशक हैं, जिन्होंने साल 2024 में यस बैंक के 2,000 शेयर खरीदे थे। इन शेयरों को 24 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदा गया था, जो अब घटकर 18.61 रुपये के स्तर पर आ गया। मूथड़ा ने हाल ही में CNBC-आवाज के एक कार्यक्रम में अपनी समस्या रखी और एक्सपर्ट्स से जानना चाहा कि उन्हें अब इस शेयर में क्या करना चाहिए?
टेक्निकल एंड डेरिवेटिव एनालिस्ट अमित सेठ ने इस सवाल पर कहा, "यस बैंक को लेकर हमने कई बार बातें की हैं। यस बैंक का चार्ट स्ट्रक्चर काफी कमजोर है। हर बार हमने यही कहा कि रिटेलर को इस शेयर में नहीं रहना चाहिए। इस बार अपमूव आने के बाद शेयर का स्ट्रक्चर वापस वीक हो गया है। शेयर सारे अहम मूविंग एवरेज के नीचे कारोबार कर रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "यस बैंक के शेयर एक स्विंग सपोर्ट साढ़े 19.5 रुपये के करीब आता था, लेकिन अब वो भी स्तर टूट गया है। ऐसे में अगर इस शेयर में कोई भी उछाल आती है, तो उसका इस्तेमाल इससे निकलने में करें। हमारी सलाह इससे एग्जिट करने की है।"
बाकी एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
ब्रोकरेज फर्म इमके ग्लोबल ने हाल ही में 22 जुलाई को जारी एक रिपोर्ट में यस बैंक के शेयरों को बेचने की सलाह दी है और इसके लिए 17 रुपये का टारगेट प्राइस रखा था। हालांकि ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने इस शेयर को होल्ड करने की सलाह दी है और इसका टारगेट प्राइस 20 रुपये रखा है।
बता दें कि यस बैंक के शेयर फिलहाल अपने 26.02 रुपये के 52-वीक हाई से करीब 28.52% नीचे कारोबार कर रहे हैं। वहीं इस शयेर का 52-वी लो 16.02 रुपये है, जिससे यह करीब 16 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।