8 नवंबर को दिवाली पर मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन के दौरान जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के शेयरों में 7 प्रतिशत की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 68.37 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को बताया था कि उसका बोर्ड 12 नवंबर 2026 को एक मीटिंग करने वाला है। इस मीटिंग में कंपनी के शेयरों की कीमत में हाल ही में आई गिरावट को लेकर निवेशकों द्वारा व्यक्त किए गए विचारों और चिंताओं पर डिस्कशन होगा। साथ ही निवेशकों का भरोसा मजबूत करने और शेयरधारकों के लिए लॉन्ग टर्म वैल्यू बढ़ाने के लिए उचित उपायों पर विचार किया जाएगा।
कंपनी का यह भी कहना है कि 12 नवंबर की मीटिंग में उसका बोर्ड कंपनी और उसके शेयरहोल्डर्स के हित में कई उपायों पर भी विचार कर सकता है। इनमें शेयर बाय-बैक, अंतरिम डिविडेंड का प्रस्ताव या किसी दूसरे उपाय पर विचार किया जाना शामिल है। इस अपडेट के सामने आने के बाद रविवार को एक घंटे के विशेष सत्र में ZEEL के शेयर में खरीद बढ़ी। दिन में शेयर में 11 प्रतिशत तक का उछाल दिखा।
ZEEL का शेयर 2 सप्ताह में 15 प्रतिशत गिरा
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का मार्केट कैप 6500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 27 प्रतिशत कमजोर हुआ है। 2 साल में 44 प्रतिशत और 3 साल में 73 प्रतिशत टूटा है। तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग और 101 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 118.40 रुपये और एडजस्टेड लो 60.63 रुपये है।
सितंबर तिमाही में कैसा रहा बिजनेस
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में ZEEL का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 37.5 प्रतिशत घटकर 47.8 करोड़ रुपये रह गया। इसका मुख्य कारण विज्ञापन और प्रचार पर अधिक खर्च होना और विज्ञापन से रेवेन्यू पर पड़ा असर है। कुल कंसोलिडेटेड आय 12.6 प्रतिशत बढ़कर 2,247.2 करोड़ रुपये हो गई। कुल खर्च एक साल पहले के मुकाबले 16.15 प्रतिशत बढ़कर 2,184.1 करोड़ रुपये के रहे। फीफा 2026 के कारण विज्ञापन और प्रचार पर अधिक खर्च और अन्य पहलों में निवेश के चलते कुल खर्च में बढ़ोतरी हुई है।
ZEEL की फीफा के साथ 8 साल (2026 से 2034 तक) की मीडिया राइट्स पार्टनरशिप है। इसके तहत, कंपनी के पास भारत और उपमहाद्वीप में फीफा के 39 प्रमुख इवेंट्स के लिए एक्सक्लूसिव टेलीविजन और डिजिटल प्रसारण अधिकार हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।