Zomato Share Price: ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के शेयरों में सोमवार 28 अगस्त को एक बड़ी ब्लॉक डील देखने के मिली। इसके जरिए कंपनी के करीब 18.4 करोड़ शेयरों या 2.14 फीसदी हिस्सेदारी का लेन-देन हुआ। इस ब्लॉक डील के बाद दिन के कारोबार में कंपनी का शेयर 5 फीसदी से अधिक चढ़ गया। ब्लॉक डील में शामिल खरीदारों और विक्रेताओं के बारे में तुरंत पता नहीं चल पाया, सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया था कि ब्लिंकिट डील का लॉक-इन पीरियड 25 अगस्त को खत्म हो रहा है और इसके बाद सॉफ्ट बैंक कंपनी में अपनी कुछ हिस्सेदारी बचा सकती है।
SoftBank के पास जोमैटो की 3.35 फीसदी हिस्सेदारी है। जोमैटो ने जब ब्लिकिंट का अधिग्रहण किया था, उस वक्त ब्लिंकिट की शेयरधारक होने के नाते SoftBank को ये शेयर जारी किए थे। सूत्रों ने कहा कि ब्लिंकिट डील में टाइगर ग्लोबल और सिकोइया कैपिटल को भी जोमैटो के शेयर जारी किए गए थे और वे भी अपने शेयरों को बेचने बाजार में आ सकते हैं। zomato के शेयर सोमवार को 1.48 फीसदी बढ़कर 92.35 रुपये के भाव पर बंद हुए।
जोमैटो इस बीच खुद को मुनाफे में लाने की कोशिश कर रही है। हाल ही में इसने 'प्लेटफॉर्म फीस' नाम से नया चार्ज जोड़ा है। इसके तहत कंपनी प्रत्येक ऑर्डर पर 2 रुपये चार्ज करेगी। ऑर्डर की वैल्यू कितनी भी हो, इसके प्लेटफॉर्म फीस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
इस बीच ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनली ने जोमैटो के शेयरों पर 'ओवरवेट' की रेटिंग बरकरार रखी है और इसे 115 रुपये प्रति शेयर का टारगेट दिया है। मॉर्गन स्टैनली ने अपनी रिपोर्ट में कहा, "अगर जोमैटो इस फीस स्ट्रक्चर को बनाए रखती है, तो उसके मुनाफे में काफी सुधार होने की उम्मीद है।"
मौजूदा वित्त वर्ष की जून तिमाही में जोमैटो ने फूड डिलीवरी सेगमेंट में 2.5 फीसदी का एडजस्टेड ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन (EBITDA Margin) दर्ज किया था। मार्गन स्टैनली को वित्त वर्ष 2026/2027 में इसके बढ़कर क्रमश: 4/4.7 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।