Zomato or Swiggy: ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो और स्विगी के शेयरों में आज बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा है। जोमैटो के शेयर करीब 2 फीसदी और स्विगी के शेयर करीब 4 फीसदी टूट गए। इनके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव वैश्विक ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी के इस रुझान पर आया है कि जोमैटो (Zomato) और स्विगी (Swiggy) पर रुझान सतर्कता वाला है। इसके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव ऐसे समय में आया है, जब न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग ने खुलासा किया है कि क्विक कॉमर्स की एक और दिग्गज कंपनी जेप्टो (Zepto) 25 करोड़ डॉलर के आईपीओ से पहले हिस्सेदारी की बिक्री के लिए कुछ शेयरहोल्डर्स से बातचीत कर रही है ताकि आईपीओ से पहले भारतीय निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़े। मैक्वेरी की बात करें तो जोमैटो और स्विगी की बजाय ब्रोकरेज फर्म ने खपत में रिकवरी की उम्मीद पर रेस्टोरेंट सेगमेंट से देवयानी इंटरनेशनल और वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड पर दांव लगाया है।
इस साल काफी गिरावट आ चुकी है Zomato और Swiggy में
स्विगी के शेयर अपने रिकॉर्ड हाई से इस साल करीब 39 फीसदी और जोमैटो के शेयर 25 फीसदी टूट चुके हैं। इनके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव चालू वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2024 के उम्मीद से कमजोर नतीजे के चलते बना है। जोमैटो के फूड ऑर्डरिंग और डिलीवरी कारोबार के सीईओ राकेश रंजन ने 20 जनवरी को कंपनी के शेयरधारक लेटर में कहा था कि अभी कंपनी सुस्त मांग से जूझ रही है जो नवंबर की दूसरी छमाही के दौरान शुरू हुई थी। वहीं स्विगी के सीईओ (फूड मार्केटप्लेस) रोहित कपूर ने दिसंबर तिमाही के नतीजों के बाद 5 फरवरी को एनालिस्ट्स से कहा कि दिसंबर तिमाही बाकी तिमाहियों के मुकाबले सु्स्त रही लेकिन 19.2 फीसदी की ग्रोथ 18-22 फीसदी की ग्रोथ के अनुमान के मुताबिक ही रही।
JM Financial ने स्विगी पर लगाया है दांव
क्विक कॉमर्स सेक्टर में जोमैटो और स्विगी के बीच तगड़ा कॉम्पटीशन है। सिटी ने अपनी हालिया रिपोर्ट में लिखा कि क्विक कॉमर्स में मार्केट शेयर के हिसाब से ब्लिंकिट और जेप्टो के बाद स्विगी तीसरे स्थान पर रह सकती है। सिटी का अनुमान है कि ब्लिंकिट का मार्केट कैप 41 फीसदी और स्विगी का मार्केट शेयर 23 फीसदी रह सकता है। शेयर प्राइस में हालिया गिरावट के बावजूद जेएम फाइनेंशियल स्विगी को लेकर बुलिश है और इसे 500 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि स्विगी का बी2बी सप्लाई के लिए एश्योर (Assure) ऐप जोमैटो के हाइपरप्योर के साथ-साथ अनलिस्टेड स्टार्टअप और अनऑर्गेनाइज्ड प्लेयर्स को तगड़ी टक्कर देगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।